Ambedkarnagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में सड़क कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की तैयारी है. टांडा से बरियावन होते हुए सुलतानपट्टी सुरहुरपुर तक 29.700 किलोमीटर लंबा नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर फोरलेन बनाया जाएगा. इसके निर्माण पर करीब 665.65 करोड़ रुपये खर्च होने का प्रस्ताव है. लोक निर्माण विभाग ने प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति के लिए संशोधित प्रस्ताव शासन को भेज दिया है.
यह कॉरिडोर टांडा, अकबरपुर और जलालपुर तहसीलों से होकर गुजरेगा. इसके बनने से जिले के कई प्रमुख मार्ग आपस में जुड़ेंगे और यात्रियों के साथ कारोबारियों को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है.
कई बड़े मार्गों को जोड़ेगा कॉरिडोर
प्रस्तावित नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर राष्ट्रीय राजमार्ग-233 (टांडा-लुंबिनी), राज्य राजमार्ग-30 (अयोध्या-बसखारी) और NH-135A (अकबरपुर-शाहगंज) को जोड़ेगा. इसके अलावा मालीपुर-जलालपुर-रामगढ़ और दोस्तपुर-अकबरपुर-जलालपुर-न्योरी मार्ग भी इससे कनेक्ट होंगे.
बरियावन में ओवरब्रिज, तमसा नदी पर बनेगा पुल
कॉरिडोर के तहत बरियावन बाजार में फोरलेन ओवरब्रिज बनाया जाएगा. वहीं सुलतानगढ़ में तमसा नदी पर टू-लेन पुल का निर्माण प्रस्तावित है. नदी पर पहले से एक पुल मौजूद होने के कारण नया एक अतिरिक्त टू-लेन पुल बनाया जाएगा. निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय और निर्माण खंड के साथ सेतु निगम को दी गई है.
पहले ₹771 करोड़ था खर्च, अब घटकर ₹665.65 करोड़
परियोजना पर पहले करीब 771 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान था. भूमि अधिग्रहण और सड़क की चौड़ाई में बदलाव के बाद लागत में करीब 105 करोड़ रुपये की कमी की गई है. अब संशोधित प्रस्ताव के तहत ₹665 करोड़ 65 लाख 22 हजार खर्च प्रस्तावित है.
परियोजना में अलग-अलग कामों के लिए सड़क निर्माण ₹329.38 करोड़, बरियावन ओवरब्रिज ₹137.71 करोड़, तमसा नदी पर पुल ₹16.80 करोड़, भूमि व परिसंपत्तियों का मुआवजा ₹159.33 करोड़, बिजली के खंभे और तार विस्थापन ₹6.30 करोड़, वन विभाग से संबंधित कार्य ₹5.20 करोड़, पानी की पाइपलाइन व सिंचाई संसाधन ₹8.55 करोड़, दूरसंचार संसाधनों का विस्थापन ₹1.65 करोड़ प्रस्तावित राशि इस प्रकार है.
14 मीटर चौड़ी होगी सड़क
मौजूदा समय में कॉरिडोर की सड़क अलग-अलग हिस्सों में अलग चौड़ाई की है. परियोजना के तहत इसे 14 मीटर चौड़ा किया जाएगा. करीब 1.900 किलोमीटर हिस्से में नया बाईपास भी बनाया जाएगा.
सड़क बनेगी तो कारोबार को भी मिलेगी रफ्तार
नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के निर्माण से अंबेडकरनगर के कई इलाकों में आवाजाही आसान होने की उम्मीद है. सड़क किनारे नए दुकान, प्रतिष्ठान और कारोबारी केंद्र विकसित हो सकते हैं. यातायात बढ़ने से स्थानीय व्यापार को फायदा मिलने के साथ आसपास की जमीन की कीमतों में भी बढ़ोतरी की संभावना है.
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अश्विनी पांडेय के मुताबिक, फोरलेन नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के निर्माण के लिए अपडेट प्रस्ताव विभागीय मुख्यालय भेजा गया है. प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.
यानी अंबेडकरनगर में करीब ₹666 करोड़ की यह परियोजना सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि टांडा से जलालपुर और आसपास के क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी और कारोबार का नया रास्ता खोलने वाली साबित हो सकती है.