सुपौल: अररिया के बीड़ी पुल पर हुए भीषण सड़क हादसे में छह युवकों की मौत के बाद पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की मांग उठी है। शनिवार को मिन्नत रहमानी ने सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार को ज्ञापन सौंपकर मृतकों के प्रत्येक परिवार को 25-25 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।

तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर की देर रात छह युवक एक तिलक समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान अररिया के बीड़ी पुल पर भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें सभी छह युवकों की मौत हो गई। मृतक सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड की थुमहा पंचायत के वार्ड नंबर-9 के रहने वाले थे। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यह भी पढ़ें: कुर्ला में कपल पर नाबालिगों का हमला, लड़की की पिटाई का वीडियो वायरल; 8 हिरासत में

परिवार के कमाऊ सदस्यों की मौत से आर्थिक संकट

ज्ञापन में कहा गया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से थे। परिवार के कमाऊ सदस्यों की मौत के बाद उनके परिजनों के सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और रोजगार उपलब्ध कराने की जरूरत है।

मिन्नत रहमानी ने कहा कि इन परिवारों की स्थिति बेहद दयनीय है। युवकों की मौत से परिवारों को भावनात्मक नुकसान के साथ-साथ आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें: हरिद्वार में IB अधिकारी पर जानलेवा हमला, चालक ने मारी गोली; माथे के पास लगी बुलेट

सरकार से मुआवजा और नौकरी देने की अपील

मिन्नत रहमानी ने जिलाधिकारी सावन कुमार को ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार से प्रत्येक मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की अनुशंसा करने की मांग की। उन्होंने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों की मदद के लिए जल्द पहल करने की अपील की, ताकि इस मुश्किल समय में उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके।

यह भी पढ़ें: झांसी में SSP के दरबार पहुंचीं महिलाएं, पुलिस पर हफ्ता वसूली और संरक्षण के आरोप; कबूतरा डेरे पर छापा, 1000 लीटर लहन नष्ट