भुवनेश्वर: साहित्य अकादेमी ने ओड़िया लेखिका एवं विदुषी डॉ. प्रतिभा राय को भुवनेश्वर के संस्कृति भवन सभागार में आयोजित एक विशेष समारोह में साहित्य अकादेमी फेलोशिप से सम्मानित किया।

समारोह की शुरुआत डॉ. अद्याशा दास द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण गीत से हुई। साहित्य अकादेमी के सचिव डॉ. वरुण गुलाटी ने स्वागत वक्तव्य दिया और डॉ. प्रतिभा राय को प्रदान की जाने वाली फेलोशिप का प्रशस्ति-पत्र पढ़कर सुनाया।

साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष डॉ. माधव कौशिक ने डॉ. प्रतिभा राय को फेलोशिप की पट्टिका प्रदान की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने डॉ. राय को “भारतीय साहित्य की जीवंत किंवदंती” बताते हुए उनके साहित्यिक योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर विशेष ‘संवाद’ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसके बाद फेलोशिप प्रदान करने का औपचारिक समारोह हुआ, जिसकी अध्यक्षता डॉ. गौरहरि दास ने की। उन्होंने कहा कि डॉ. प्रतिभा राय ओडिशा की पहली महिला लेखिका हैं, जिन्हें साहित्य अकादेमी फेलोशिप से सम्मानित किया गया है।

समारोह में प्रख्यात लेखक देबप्रसाद दास, प्रोफेसर संघमित्रा मिश्रा और प्रोफेसर प्रफुल्ल कुमार महंती ने डॉ. प्रतिभा राय के जीवन, व्यक्तित्व और साहित्यिक कृतित्व पर विचार रखे। उन्होंने भारतीय साहित्य में डॉ. राय के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।

फेलोशिप प्राप्त करने के बाद डॉ. प्रतिभा राय ने अपना स्वीकृति वक्तव्य दिया।

कार्यक्रम के अंत में साहित्य अकादेमी के उप सचिव डॉ. एन. सुरेश बाबु ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकार, लेखक, विद्वान और साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: यूपी के 6 जिलों की बदलेगी तस्वीर, 26,741 वर्ग किमी में बनेगा स्टेट कैपिटल रीजन; रेल-मेट्रो से इंडस्ट्री तक होगा बड़ा विकास