UP Teacher Recruitment: उत्तर प्रदेश में 68,500 शिक्षक भर्ती को लेकर OBC अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश को लागू करने और भर्ती प्रक्रिया में कथित आरक्षण संबंधी गड़बड़ियों को दूर कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की। इस दौरान अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी बात रखने की कोशिश की।

68,500 शिक्षक भर्ती-2018 में आयोग का आदेश लागू करो
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने नारे लगाए। इनमें राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का आदेश लागू करो 68,500 शिक्षक भर्ती 2018 और OBC अभ्यर्थियों को न्याय दो जैसे नारे शामिल रहे। दर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण को लेकर उठे विवाद के मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने परिणामों को संशोधित करने और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने का स्पष्ट निर्देश दिया था, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक इस प्रक्रिया को पूरी तरह लागू नहीं किया गया है।

CM से स्थायी समाधान की मांग
ANI से बातचीत में एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखने आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में अभ्यर्थियों से बातचीत करने और समस्या का स्थायी समाधान निकालने की अपील की। दर्शनकारी ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे सभी नेताओं, मंत्रियों और अधिकारियों के दरवाजे पर जाकर न्याय की गुहार लगाएंगे। उन्होंने कहा कि अपने अधिकार और न्याय के लिए वे हर संभव रास्ता अपनाएंगे।

केशव प्रसाद मौर्या से भी मिलना चाहते थे अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या से मुलाकात कर अपनी मांगें रखने की इच्छा भी जताई। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को उपमुख्यमंत्री के आवास की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को एक बस में बैठाया और कुछ ही समय में उन्हें मौके से हटा दिया।

क्या है अभ्यर्थियों की मांग?
प्रदर्शनकारी मुख्य रूप से 68,500 शिक्षक भर्ती-2018 से जुड़े मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश को लागू करने, परिणामों में जरूरी संशोधन करने और पात्र OBC अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं।