Gurugram Flyover: गुरुग्राम और दिल्ली के बीच रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। महिपालपुर स्थित शिवमूर्ति से एंबीयंस मॉल तक तीन लेन का फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके बनने से दिल्ली-जयपुर हाईवे और खासकर सर्विस रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए यह योजना तैयार की गई है। प्रस्ताव के मुताबिक द्वारका एक्सप्रेसवे टनल के निकासी द्वार से एंबीयंस मॉल तक फ्लाईओवर बनाया जाएगा।
द्वारका एक्सप्रेसवे से आने वालों को मिलेगा सीधा रास्ता
NHAI के एक अधिकारी के मुताबिक, द्वारका एक्सप्रेसवे की टनल से बाहर निकलकर गुरुग्राम के राजीव चौक की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए इस फ्लाईओवर का इस्तेमाल जरूरी होगा। वहीं, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन मौजूदा हाईवे से ही गुजरते रहेंगे और नए फ्लाईओवर पर नहीं चढ़ेंगे। इस व्यवस्था से अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को अलग-अलग रास्ता मिलने की उम्मीद है, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम हो सकेगा।
राजौकरी के पास बनेगा रैंप
प्रस्तावित फ्लाईओवर में मौजूदा राजौकरी फ्लाईओवर के पास उतरने के लिए एक रैंप भी बनाया जाएगा। इस रैंप की मदद से वाहन चालक एंबीयंस मॉल, डीएलएफ साइबर सिटी, उद्योग विहार और डीएलएफ की ओर जा सकेंगे।
दिल्ली से गुरुग्राम आने वाले वाहनों का बढ़ा दबाव
अधिकारी के अनुसार, महिपालपुर से एंबीयंस मॉल के बीच का दिल्ली-जयपुर हाईवे पश्चिम और दक्षिण दिल्ली, सोनीपत, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से गुरुग्राम आने वाले वाहनों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग बन चुका है।
द्वारका एक्सप्रेसवे और UER-2 के खुलने के बाद इस हिस्से पर सुबह और शाम के समय वाहनों का दबाव बढ़ गया है। इसके चलते पीक ऑवर में जाम की स्थिति बनती है।
सर्विस रोड पर नहीं फंसेंगे वाहन
तीन लेन का फ्लाईओवर बनने के बाद एंबीयंस मॉल से डीएलएफ साइबर सिटी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सर्विस रोड के जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रस्ताव के मुताबिक दोनों फ्लाईओवर को एंबीयंस मॉल के नजदीक जोड़ा जाएगा। बताया गया है कि GMDA ने फ्लाईओवर निर्माण की योजना सरकार के पास भेज दी है। इस परियोजना का निर्माण खर्च DLF की ओर से वहन किए जाने की बात सामने आई है।
क्यों जरूरी है यह फ्लाईओवर?
महिपालपुर से एंबीयंस मॉल तक मिलेगा नया तेज रूट
तीन लेन का होगा प्रस्तावित फ्लाईओवर
राजौकरी के पास उतरने के लिए रैंप बनेगा
एंबीयंस मॉल और साइबर सिटी जाने वालों को फायदा
सर्विस रोड पर ट्रैफिक का दबाव घटने की उम्मीद
द्वारका एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी
पीक ऑवर में दिल्ली-गुरुग्राम जाम से राहत मिलने की संभावना