Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर जिले में महिला मोहसीना की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में महिला के पति राशिद और उसके सगे भाई आस मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, राशिद के अपनी भाभी से कथित अवैध संबंध थे, जिसका मोहसीना विरोध करती थी। इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई। पुलिस का दावा है कि राशिद ने अपने भाइयों और अन्य परिजनों के साथ मिलकर दुपट्टे से गला दबाकर मोहसीना की हत्या कर दी। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा भी बरामद कर लिया है।
कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के तावली गांव की बताई जा रही थी, एसएसपी संजय कुमार वर्मा के अनुसार, 30 अगस्त को हरसौली निवासी नदीम ने शाहपुर थाने में तहरीर दी थी। उसने बताया कि उसकी बहन मोहसीना की शादी करीब 13 साल पहले तावली निवासी राशिद पुत्र अय्यूब से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, मोहसीना को अपने पति के कथित अवैध संबंधों की जानकारी थी और वह इसका विरोध करती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
ससुराल ले जाकर हत्या करने का आरोप
तहरीर के अनुसार, शुक्रवार को राशिद मोहसीना को अपने साथ ससुराल ले गया था। आरोप है कि रात में राशिद, उसके भाई मतलूब, कल्लू और आस मोहम्मद तथा साजिदा पत्नी कल्लू ने मिलकर मोहसीना का दुपट्टे से गला दबा दिया। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी शव को घर पर छोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
शामली बाइपास से पति और भाई गिरफ्तार
थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति राशिद और उसके भाई आस मोहम्मद को शामली बाइपास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच
पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक राहुल कुमार, उपनिरीक्षक विकास चौधरी और आरक्षी अजय कुमार व सूरज कुमार शामिल रहे। v
और पढ़ें: ‘जान बचानी है तो लड़की दे दो…' प्रेमी की कार पर फायरिंग, वजह जानकर कांप गए लोग!