Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, यहां पर प्रेमी के साथ कार से प्रेमिका को उसके परिजनों ने रोक लिया । इसके बाद प्रेमी ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसकी कार को घेरकर फायरिंग की, उसके साथ मारपीट की और युवती को जबरन कार से खींचकर अपने साथ ले गए। मामले में युवक ने मूंढापांडे थाने में तहरीर दी है।
कहां पर हुई ये घटना?
दरअसल, ये घटना मूंढापांडे थाना क्षेत्र के दलपतपुर-काशीपुर मार्ग पर हुई। जानकारी के अनुसार, स्वार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का दढ़ियाल थाना क्षेत्र के भरतपुर निवासी राजकुमार से करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। राजकुमार का दावा है कि दोनों करीब दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे।
27 अगस्त को घर से निकली थी युवती
राजकुमार के अनुसार, युवती 27 अगस्त को घर से निकलकर उसके पास आ गई थी। इसके बाद युवती के पिता ने स्वार थाने में शिकायत की थी। सोमवार को राजकुमार युवती को लेकर मुरादाबाद कचहरी पहुंचा था। यहां लिव-इन रिलेशनशिप से संबंधित दस्तावेज तैयार कराने के बाद वह युवती के बयान दर्ज कराने के लिए स्वार थाने की ओर जा रहा था।
पेट्रोल पंप के पास कार घेरने का आरोप
राजकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि दलपतपुर-काशीपुर मार्ग पर पहुंचने के बाद कुछ कारों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। पेट्रोल पंप के पास आरोपियों ने उसकी कार को घेरकर रोक लिया। युवक का आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया गया। राजकुमार के मुताबिक, युवती के पिता और दो भाइयों ने तमंचे तानकर धमकी दी कि अगर जान की सलामती चाहते हो तो युवती को उनके हवाले कर दो। इसके बाद आरोपियों ने उसके, उसके मामा और अन्य साथियों के साथ मारपीट की। कार में भी तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि इसके बाद युवती को जबरन कार से खींचकर दूसरी कार में डाल लिया गया और आरोपी उसे अपने साथ ले गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
युवती के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मामला अलग-अलग समुदाय के युवक-युवती के प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की बात सामने आई। इसके बाद राजकुमार और उसके रिश्तेदार मूंढापांडे थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर रही पुलिस
सीओ हाईवे वरुण कुमार ने बताया कि युवक राजकुमार की ओर से मूंढापांडे थाने में तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।