India vs New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच टी20आई मैच की सीरीज का चौथा मैच ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया को 87 रन की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में कीवियों ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 259 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए और इसके जवाब में टीम इंडिया सिर्फ 172 रन ही बना सकी।
जब कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया तो लग रहा था इंडिया आज जीत का चौका लगाने वाली है, लेकिन कीवियों के पलटवार की उम्मीद किसी ने नहीं की थी। अब इस मैच के बाद भारत के स्पिन-बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने बताया कि आखिर खिलाड़ियों से कहा चूक हुई।
20-30 रन ज्यादा बने- साईराज
भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में शुरुआत अच्छी दिला दी थी, जब उन्होंने खतरनाक टिम सीफर्ट और डेरिल मिचेल को सस्ते में पवेलियन भेज दिया। लेकििन इसके बाद टीम इंडिया की बॉलिंग में उस तरह की धार नहीं दिखी, जिसकी उम्मीद उनसे की जा रही थी। साईराज बहुतुले ने कहा,
‘’बॉलिंग के मामले में हम इतने रन नहीं दे सकते थे। 20-30 रन कम हो सकते थे। लेकिन आज ऐसा नहीं हुआ। उम्मीद है, हम फिर से इकट्ठा होंगे और रिकवर करेंगे और पक्का करेंगे कि हम हैमिल्टन में अपना फॉर्म जारी रखें।"
आपको बता दें कि, इस मैच में भुवनेश्वर कुमार को खेलने का मौका नहीं मिला था। उनकी जगह मयंक यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया और उन्होंने 3 विकेट लेकर अच्छी वापसी की।
उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की-साईराज
भारत के स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने कीवी गेंदबाजों की तारीफ की और कहा,
‘’न्यूजीलैंड के बॉलर्स ने अपनी लेंथ पर हिट किया और जल्दी विकेट ले लिए। जैसे ही आप दो विकेट खोते हैं, आप हमेशा अपने टोटल से 30 रन पीछे रह जाते हैं। इसलिए, उन्होंने सही एरिया में अच्छी बॉलिंग की। हमने पावरप्ले में जितना हो सके उतना स्कोर करने की कोशिश की। ऐसा नहीं हुआ। अगर हम पावरप्ले के बाद भी मैनेज कर लेते, तो मुझे यकीन है कि हम टारगेट के करीब होते। लेकिन फिर, यह सिर्फ पावरप्ले में विकेट खोने का सवाल था।"
भारत ने इस मैच के पावर प्ले के पहले ओवर में ईशान और संजू के दो बड़े विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अभिषेक और श्रेयस भी पावर प्ले के अंदर ही पवेलियन लौट गए।
87 रन से मिली हार
सीरीज के चौथे मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का चयन किया था। इस मैच में न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 259/7 रन बनाए थे, जिसमें ग्लेन फिलिप्स ने 107 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी। वहीं, माइकल ब्रेसवेल ने 65 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 172 रन बना सके।
इस मैच में उप कप्तान तिलक वर्मा ने 35 गेंदों पर 35 रन बनाए तो नमनधीर 13 गेंदों पर 28 रन के साथ दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। वहीं, अभिषेक, श्रेयस, नीतीश कुमार रेड्डी को शुरुआत तो मिली, लेकिन वह इसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके।
ये भी पढ़ें- राहुल द्रविड़ की वजह से नहीं मिला था रोहित शर्मा को उनका पसंदीदा जर्सी नंबर, फिर हिटमैन ने चुना ‘45’