झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच दिल्ली में होने वाली महारैली को लेकर उत्साह देखने को मिला। रविवार को उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष शिव नारायण सिंह परिहार के नेतृत्व में दिल्ली के लिए रवाना हुए। सभी कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में शामिल होकर लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में दिल्ली रवाना हुआ काफिला

झांसी से दिल्ली के लिए रवाना हुए किसान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष शिव नारायण सिंह परिहार ने किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के एक साथ दिल्ली कूच करने से राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी बात मजबूती से रखेंगे।

'वोट चोर, गद्दी छोड़' के लगाए नारें

दिल्ली रवाना होने के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगाए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े सवालों को लेकर विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोकतंत्र में जनता के मताधिकार की अहम भूमिका है और इसकी सुरक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी है।

राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित होगी महारैली

दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित महारैली में देशभर से कांग्रेस और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है। इस महारैली के जरिए लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी है।

किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव नारायण सिंह परिहार के नेतृत्व में झांसी से पहुंचे कार्यकर्ता भी इस आयोजन में अपनी भागीदारी निभाएंगे। कार्यकर्ताओं ने अपने आंदोलन को आगे भी जारी रखने का संकल्प जताया। झांसी से सैकड़ों कार्यकर्ताओं का दिल्ली कूच करना बुंदेलखंड में कांग्रेस की राजनीतिक सक्रियता को भी दर्शाता है।

रिपोर्टर: सतेन्द्र कुमार