लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 20 IPS अधिकारियों का तबादला किया है। इस तबादले के बाद बाराबंकी, बस्ती, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर समेत कई जिलों की पुलिस कमान बदल गई है।

बाराबंकी को मिली नई पुलिस कप्तान

तबादला सूची के मुताबिक रवीना त्यागी को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से हटाकर बाराबंकी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं ओमवीर सिंह को बलिया से हटाकर बस्ती का SP नियुक्त किया गया है।

बलिया और जौनपुर में भी नई तैनाती

ईराज राजा को गाजीपुर से स्थानांतरित कर बलिया का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं यशवीर सिंह को बस्ती से हटाकर जौनपुर की जिम्मेदारी दी गई है।

गाजीपुर-जालौन समेत कई जिलों में बदलाव

विनय कुमार सिंह को जालौन से स्थानांतरित कर गाजीपुर का SP बनाया गया है। इसके अलावा सुरेश चंद्र रावत को जालौन, सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ, पूर्णेन्दु सिंह को बागपत और मधुबन कुमार सिंह को हापुड़ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

मुजफ्फरनगर में भी बदले SSP

संजय कुमार सैन को मुजफ्फरनगर से हटाकर 4वीं वाहिनी PAC, प्रयागराज में सेनानायक बनाया गया है। वहीं सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का SSP नियुक्त किया गया है।

वरिष्ठ IPS अफसरों को भी नई जिम्मेदारी

तबादला सूची में वरिष्ठ IPS अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। ए. सतीश गणेश को अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात और भगवान एस. श्रीवास्तव को अपर पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं कुंवर अनुपम सिंह को PAC मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है। अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP और कुंवर ज्ञानेंद्र सिंह को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में DCP बनाया गया है।

आजमगढ़ और बरेली में भी नई तैनाती

मानस पारीक को आजमगढ़ में पुलिस अधीक्षक नगर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं चिराग जैन को पुलिस अधीक्षक नगर बरेली और आलोक राज नारायण को अपर पुलिस अधीक्षक मथुरा बनाया गया है।

20 IPS अधिकारियों के इस तबादले के बाद प्रदेश के कई जिलों में पुलिस प्रशासन की कमान नए अधिकारियों के हाथ में होगी।

यह भी पढ़ें: Oscar-winning एक्ट्रेस Eva Marie Saint का 102 की उम्र में निधन, ‘On the Waterfront’ से मिली थी पहचान