टीएनपी न्यूज़
ब्रेकिंग
आतंकवाद पर BRICS का दो टूक संदेश, पहलगाम आतंकी हमले की भी की निंदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स के 20 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 2 डाक टिकट जारी किए BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी ईरानी राष्ट्रपति की बेटी जहरा पेजेशकियन ने BRICS बाजार का किया दौरा PM मोदी ने वियतनाम के PM से की मुलाकात हरियाणा में 36 दिन बाद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म पीएम मोदी की द्विपक्षीय बैठकें में रक्षा और व्यापार पर जोर ईरानी राष्ट्रपति ने प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मु से की मुलाकात असम के सोनितपुर में दर्दनाक हादसा, कार और ट्रक की भिड़ंत में 5 की मौत
राज्य

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, तमक नाले के तेज बहाव में बहा वैली ब्रिज

उत्तराखंड के चमोली जिले में भारी बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने से एक लोहे का पुल तेज बहाव में बह गया। घटना का वीडियो सामने आया है।

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, तमक नाले के तेज बहाव में बहा वैली ब्रिज
Uttarakhand Flood

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कई क्षेत्रों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। चमोली जिले की नीति घाटी में तेज बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया। पानी के तेज बहाव ने नाले पर बने लोहे के पुल को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में पुल क्षतिग्रस्त होकर बह गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पानी की तेज धार पुल से टकराती और उसे बहाकर ले जाती दिखाई दे रही है।

पानी के दबाव में कुछ ही सेकंड में बहा पुल

सामने आए वीडियो में नाले में भारी मात्रा में पानी तेज रफ्तार से नीचे की ओर आता नजर आ रहा है। पानी का बहाव इतना शक्तिशाली था कि उसने लोहे के पुल को हिलाकर रख दिया। देखते ही देखते पुल अपनी जगह से उखड़ गया और पानी के साथ किनारे की ओर बह गया। उत्तराखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने घटना का वीडियो साझा करते हुए बताया कि नीति घाटी में तमक नाले का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण यह स्थिति बनी। नाले पर बना पुल तेज बहाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते मलारी गांव से आगे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

एक व्यक्ति और वाहन के बहने की सूचना

चमोली जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा की ओर से बनाया गया वैली ब्रिज अत्यधिक जलप्रवाह के कारण बह गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में एक व्यक्ति और एक वाहन के बहने की सूचना मिली है। हालांकि घटना में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत और बचाव व्यवस्था सक्रिय कर दी। स्थानीय प्रशासन के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन कर रही हैं।

मलारी की तरफ आवाजाही पर रोक

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव अभियान को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। तमक नाले में पानी बढ़ने के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर भी बढ़ने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें मुनादी के जरिए लोगों को नदी और बरसाती नालों से दूर रहने की सलाह दे रही हैं।

प्रशासन की लोगों से अपील

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है, साथ ही लोगों को नदी, नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

 

ये भी पढ़ें- Sawan Shivratri 2026: शिवलिंग पर चढ़ाएं ये 8 पत्ते, महादेव की बरसेगी कृपा

 

Written By Toshi Shah  

R

टीएनपी न्यूज़ की टीम देश-दुनिया की हर बड़ी ख़बर आप तक तेज़ी और सटीकता के साथ पहुँचाती है।

शॉर्ट वीडियो

सभी वीडियो