INDIA Alliance Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित INDIA गठबंधन की महारैली में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने SIR को लेकर बंगाल की जनता के साथ अन्याय का आरोप लगाया और कहा कि वह इस लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगी। वहीं, अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में बीजेपी और उसके सहयोगियों की विदाई का दावा किया।

जान दे देंगे, लेकिन सरेंडर नहीं करेंगे
ममता बनर्जी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की वजह से मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने बंगाल को लूटा है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

ममता बनर्जी ने कहा, “हम हार नहीं मानेंगे। जान दे देंगे, लड़ेंगे, लेकिन सरेंडर नहीं करेंगे।” उन्होंने कहा कि राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से इस लड़ाई को आगे बढ़ाया जाएगा और लोकतंत्र को बचाकर वापस लाया जाएगा।

अखिलेश यादव का दावा- 2027 में BJP की होगी विदाई
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी उत्तर प्रदेश से आए थे, उन्हें अब उत्तर प्रदेश से ही विदा किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी और उसके सहयोगी दलों की ऐसी विदाई होगी कि वे दोबारा सत्ता में नहीं लौट पाएंगे। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता स्वागत करना भी जानती है और विदाई देना भी।

रामलीला मैदान लोकतंत्र की हल्दीघाटी बन गया
अखिलेश यादव ने रामलीला मैदान में जुटी भीड़ को लोकतंत्र की लड़ाई का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि आज रामलीला मैदान लोकतंत्र की हल्दीघाटी बन गया है। यहां उमड़ा जनसमर्थन और क्रांति के नारे इस बात का प्रमाण हैं कि बदलाव कभी भी हो सकता है।

बीजेपी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग कभी अंगद का अडिग पैर होने का दावा करते थे, आज उनके पैरों के नीचे जमीन नहीं बची है। काशी का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि वहां की जनता ने उन्हें 'डबल जीरो' दिया है।

चुनाव आयोग को लेकर भी बीजेपी पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी जनता के बीच चुनाव नहीं जीत पाने के कारण लगातार साजिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने अपने राजनीतिक उद्देश्यों को पूरा करने के लिए चुनाव आयोग का रास्ता चुना है।

INDIA गठबंधन के कई बड़े नेता रहे मौजूद
रामलीला मैदान में आयोजित इस महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत INDIA गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। रैली का आयोजन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में किया गया था।

देशभर से विपक्षी दलों के नेता और समर्थक 'चलो दिल्ली' मार्च में शामिल होने पहुंचे। यह मार्च मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू होकर रामलीला मैदान तक पहुंचा। इससे पहले 31 अक्टूबर को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सार्वजनिक रूप से महाभियोग से जुड़ा कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। 

और पढ़ें:  'ज्ञानेश कुमार जाएंगे जेल...', INDIA गठबंधन की महारैली में राहुल गांधी का बड़ा ऐलान