बुधवार 10 सितंबर को हरियाणा हरियाणा के मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ स्थित अपने कार्यालय में आगामी फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' का नया पोस्टर लॉन्च किया। इस मौके पर फिल्म के कलाकार अंजलि अरोड़ा और देव शर्मा के साथ प्रोड्यूसर प्रकाश महोबिया भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने फिल्म की पूरी टीम को आगामी रिलीज के लिए शुभकामनाएं दीं और युवा कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

अंजलि अरोड़ा और देव शर्मा निभा रहे अहम किरदार

फिल्म में देव शर्मा भगवान श्री राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अंजलि अरोड़ा माता सीता के किरदार से अपना फीचर-फिल्म डेब्यू कर रही हैं। वहीं, रजनीश दुग्गल राजा रावण और शील वर्मा भगवान राम के भाई लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।

अंजलि अरोड़ा और देव शर्मा दोनों फरीदाबाद, हरियाणा से हैं। अंजलि के लिए मुख्यमंत्री से हुई यह मुलाकात खास रही। उन्होंने कहा कि अपनी पहली फिल्म के लिए मुख्यमंत्री से आशीर्वाद और प्रोत्साहन मिलना उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को फिल्म का नया पोस्टर दिखाना और उनके हाथों पोस्टर लॉन्च करवाना उनके लिए बेहद खास अनुभव था।

देव शर्मा ने बताया बड़ी जिम्मेदारी

श्री राम का किरदार निभा रहे देव शर्मा ने कहा कि इस भूमिका को निभाना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात और उनका आशीर्वाद मिलने को पूरी टीम के लिए महत्वपूर्ण बताया। शर्मा के मुताबिक, फिल्म को विश्वास और ईमानदारी के साथ तैयार किया गया है और उन्हें उम्मीद है कि दर्शक इसे उतना ही प्यार देंगे।

25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

प्रोड्यूसर प्रकाश महोबिया ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि फिल्म बड़े स्तर पर टीम के विश्वास, प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि टीम 25 सितंबर 2026 को फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।

चंडीगढ़ दौरे के दौरान फिल्म की टीम हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के राज्य मंत्री राजेश नागर से भी मिली। उन्होंने फिल्म की टीम और कलाकारों की कोशिशों की सराहना करते हुए रिलीज के लिए शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़ें:  Bihar Board Toppers को बड़ा तोहफा! सरकार देगी ₹2 लाख का इनाम

हिंदी और छत्तीसगढ़ी में एक साथ शूट हुई फिल्म

अभिषेक सिंह के निर्देशन में बनी 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' की खासियत यह है कि फिल्म और इसके गानों को हिंदी और छत्तीसगढ़ी में अलग-अलग डब करने के बजाय दोनों भाषाओं में एक साथ शूट किया गया है। फिल्म को एजे फिल्म्स एंटरटेनमेंट वर्ल्ड और अजय कनौजिया प्रस्तुत कर रहे हैं।

प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला इसके प्रोड्यूसर हैं, जबकि हनी कुलदीप अग्रवाल और मोनी सेन को-प्रोड्यूसर हैं। यह महोबिया फिल्म्स प्रोडक्शन है। फिल्म हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।