Haryana News: हरियाणा सरकार ने राज्य की पात्र महिलाओं के लिए जुलाई महीने की सब्सिडी की राशि उनके बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने जुलाई की सब्सिडी के तौर पर 19 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम लाभार्थियों के खातों में भेजी है।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज जुलाई महीने की सब्सिडी के 19 करोड़ रुपये से अधिक बैंक खातों में जमा किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आज जारी राशि को मिलाकर अब तक राज्य की 14 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में कुल 360 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं।
महिलाओं की भागीदारी को लेकर भी बोले सीएम सैनी
इससे पहले मंगलवार को फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित ‘She Is a Change Maker’ कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को लेकर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा कि महिला जनप्रतिनिधि बदलाव की केवल गवाह नहीं हैं, बल्कि बदलाव की निर्माता भी हैं। लोकतंत्र को अधिक संवेदनशील, समावेशी और जवाबदेह बनाने में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में 20 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की महिला विधायक और विधान परिषद सदस्य शामिल हुईं। इस दौरान नेतृत्व, संवाद, कानून बनाने की प्रक्रिया, नीति निर्माण और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
पंचायतों में महिलाओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व
सीएम सैनी ने कहा कि जब किसी गांव की महिला सरपंच निर्णय लेने वाली टेबल तक पहुंचती है, तो सिर्फ एक महिला वहां नहीं पहुंचती, बल्कि उसके साथ उस गांव की हजारों महिलाओं की आवाज भी पहुंचती है। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि आबादी के आधे हिस्से की प्रभावी भागीदारी के बिना विकास की तस्वीर पूरी नहीं हो सकती।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, गांवों में महिलाएं परिवार के साथ-साथ पूरे गांव के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जहां महिलाओं का नेतृत्व मजबूत होता है, वहां पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही भी बढ़ती है।