Ghaziabad Aerocity township Project: गाजियाबाद शहर के आर्थिक विस्तार और व्यावसायिक गतिविधियों को नई रफ्तार देने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने 'एयरोसिटी टाउनशिप' परियोजना पर काम तेज कर दिया है। बता दें कि राजनगर एक्सटेंशन में क्रिकेट स्टेडियम के पास तीन गांवों की 231.3710 हेक्टेयर जमीन पर यह आधुनिक कमर्शियल टाउनशिप विकसित की जाएगी।

GDA ने जमीन चिह्नित कर ली है और जमीन मालिकों तथा किसानों से आपत्तियां आमंत्रित की हैं। इच्छुक व्यक्ति 15 दिनों के भीतर नवयुग मार्केट स्थित GDA कार्यालय में अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

चिह्नित गांव और बजट
इस योजना में अटौर, मोरटी और मेवला अगरी गांव की जमीन शामिल होगी। प्राधिकरण जमीन के लिए लगभग ₹2,831 करोड़ खर्च करने की योजना बना रहा है। बता दें कि एयरोसिटी में बड़ी कंपनियों के दफ्तर, होटल, मॉल, रेस्तरां, स्पोर्ट्स एकेडमी, स्पोर्ट्स क्लब, गोल्फ कोर्स, कॉलेज और शोरूम के लिए प्लॉट विकसित किए जाएंगे। अवैध खरीद-फरोख्त पर रोक: चिह्नित जमीन पर किसी भी अन्य व्यक्ति द्वारा की गई नई खरीद को अवैध घोषित किया जाएगा ताकि अनधिकृत निर्माण या बिक्री पर रोक लग सके।

भूमि अधिग्रहण का मॉडल
सचिव (GDA) विवेक मिश्र के मुताबिक, जमीन जुटाने के लिए लैंड पूलिंग नीति को प्राथमिकता देगा, जिसके तहत किसानों को उनकी ली गई जमीन के बदले 25% विकसित भूमि दी जाएगी। यदि किसान लैंड पूलिंग पर सहमत नहीं होते हैं, तो आपसी सहमति से सीधी खरीद का प्रयास किया जाएगा। एयरोसिटी टाउनशिप के लिए भूमि चिह्नित कर आपत्तियां मांगी गई हैं। इस प्रक्रिया और निस्तारण के बाद परियोजना पर आगे का काम शुरू होगा।

GDA की अन्य योजनाओं में प्लॉट की नीलामी जारी
इसके साथ ही, GDA की विभिन्न योजनाओं (जैसे इंदिरापुरम और इंदिरापुरम विस्तार) में रिहायशी और कमर्शियल प्लॉटों की नीलामी प्रक्रिया जारी है। इसमें 120 वर्ग मीटर से लेकर 7,000 वर्ग मीटर तक के प्लॉट शामिल हैं। पहली बार 18 मीटर चौड़ी सड़क पर स्थित पांच 'मिक्स्ड लैंड यूज' प्लॉटों के अलावा ग्रुप हाउसिंग, नर्सिंग होम और हाईस्कूल के लिए भी प्लॉट नीलामी में रखे गए हैं।