Maharashtra FDA Raid: महाराष्ट्र के ठाणे में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। FDA की टीम ने शिल-दिवा इलाके के खारडी गांव स्थित भास्कर कंपाउंड में 11 खाद्य निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 20.48 लाख रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री, तैयार उत्पाद और खाद्य तेल जब्त किया गया।
11 फूड यूनिट्स पर हुई छापेमारी
महाराष्ट्र FDA के ठाणे दल ने बुधवार को इन इकाइयों में कार्रवाई की। विभाग के मुताबिक, छापेमारी के दौरान 28,955 किलोग्राम से ज्यादा ठोस खाद्य सामग्री और कच्चा माल जब्त किया गया। इसके अलावा करीब 56 लीटर खाद्य तेल भी कार्रवाई के दौरान कब्जे में लिया गया। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 20,48,801.50 रुपये बताई गई है।
इन खाद्य पदार्थों को किया गया जब्त
FDA के मुताबिक, कार्रवाई में कई तरह के तैयार खाद्य उत्पाद और कच्चा माल मिला। इनमें आलू वेफर्स, फराली चिवड़ा, मिक्स्ड फरसाण, भाकरवड़ी, शेजवान स्टिक्स, केले के चिप्स, मैदा, बेसन और पाम ऑयल शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं
महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने कहा कि राज्य सरकार खाद्य गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा कानूनों के पालन को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की सेहत और उपभोक्ता सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक्सपायर्ड या मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने अथवा स्टोर करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
त्योहारों में बड़े भंडारे के लिए 7 दिन पहले देनी होगी सूचना
FDA ने त्योहारों के दौरान बड़े पैमाने पर होने वाले खाद्य वितरण कार्यक्रमों को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। ऐसे आयोजनों के संचालकों को कार्यक्रम से कम से कम 7 दिन पहले Food & Drug Grievance Portal पर प्री-नोटिफिकेशन फॉर्म जमा करना होगा।
मुंबई समेत कई इलाकों में रेस्टोरेंट्स के लाइसेंस निलंबित
FDA ने बताया कि गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों के चलते मुंबई के 6, कोंकण के 1, पुणे के 3 और संभाजीनगर के 1 प्रमुख खानपान प्रतिष्ठान के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन निलंबित किए गए हैं। यह कार्रवाई राज्य सरकार के ‘Safe Food, Safe Medicine, Safe Maharashtra’ अभियान के तहत की जा रही है।
रेलवे कैटरिंग और डार्क स्टोर्स पर भी कार्रवाई
FDA महाराष्ट्र ने रेलवे यात्रियों को खाना उपलब्ध कराने वाली 5 बेस किचन और फूड प्लाजा का भी निरीक्षण किया। विभाग ने गंभीर स्वच्छता उल्लंघन मिलने पर मुंबई के एक होटल का फूड लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया। निरीक्षण में कॉकरोच का गंभीर संक्रमण, अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री का परिवहन और घायल फूड हैंडलर्स जैसी खामियां सामने आईं। चार अन्य सप्लायर्स को सुधार संबंधी नोटिस भी जारी किए गए।
इसके अलावा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़े कुछ प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई की गई। यहां जिंदा कॉकरोच की मौजूदगी, कोल्ड-चेन में गंभीर खामियां, सुरक्षित तापमान से अधिक पर डेयरी उत्पादों का भंडारण, एक्सपायर्ड सामान की बिक्री और अस्वच्छ ड्रेनेज जैसी गंभीर कमियां पाई गईं। FDA ने साफ किया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।