Dussehra Diwali Special Trains 2026: दशहरा और दिवाली के त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की तैयारी की है। यूपी के प्रमुख शहरों से दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों का फायदा वाराणसी, लखनऊ, अयोध्या समेत कई शहरों के यात्रियों को मिलेगा।

त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अक्टूबर और नवंबर के दौरान इन विशेष ट्रेनों के फेरे निर्धारित किए गए हैं। इनमें अयोध्या कैंट से आनंद विहार, वाराणसी से दिल्ली और वाराणसी से चंडीगढ़ के बीच चलने वाली ट्रेनें प्रमुख हैं।

अयोध्या कैंट-आनंद विहार के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

ट्रेन संख्या 04213/04214 अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनस-अयोध्या कैंट द्वि-साप्ताहिक आरक्षित स्पेशल के रूप में चलाई जाएगी।अयोध्या कैंट से यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को चलेगी। वहीं आनंद विहार से इसकी सेवा 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक शुक्रवार और सोमवार को रहेगी। इस ट्रेन के कुल 18 फेरे निर्धारित किए गए हैं।

अयोध्या से दिल्ली का टाइमिंग

  • योध्या कैंट से प्रस्थान: शाम 6:20 बजे
  • लखनऊ पहुंचने का समय: रात 8:45 बजे
  • आनंद विहार पहुंचने का समय: सुबह 6:10 बजे

वापसी में ट्रेन आनंद विहार से सुबह 9 बजे चलेगी और शाम 6:20 बजे लखनऊ होते हुए रात 10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।इसके प्रमुख ठहराव में बाराबंकी, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ और गाजियाबाद शामिल हैं।

वाराणसी-चंडीगढ़ के बीच भी स्पेशल ट्रेन

त्योहार के दौरान पूर्वी यूपी और पंजाब के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 04227/04228 वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी आरक्षित स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी।यह ट्रेन वाराणसी से 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक गुरुवार और रविवार को चलेगी। चंडीगढ़ से इसकी सेवा 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक निर्धारित है।इससे वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों से चंडीगढ़ की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सुविधा मिल सकेगी।

वाराणसी-दिल्ली रूट पर भी स्पेशल ट्रेन

ट्रेन संख्या 04209/04210 वाराणसी-दिल्ली-वाराणसी आरक्षित स्पेशल का संचालन भी किया जाएगा।वाराणसी से यह ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। वहीं दिल्ली से वापसी में इसकी सेवा 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रहेगी। इस ट्रेन के कुल 25 फेरे निर्धारित किए गए हैं।

वाराणसी-दिल्ली ट्रेन का टाइमिंग

वाराणसी से ट्रेन रात 10:15 बजे रवाना होकर तड़के 3:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी और दोपहर 1:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी।वापसी में दिल्ली से ट्रेन शाम 6:50 बजे चलेगी। यह तड़के 3:50 बजे लखनऊ और सुबह 9:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी।इसके प्रमुख ठहराव में मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, हरदोई, रामपुर, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद शामिल हैं।

त्योहारों के बीच रेल यात्रियों के लिए जरूरी अपडेट

जहां एक ओर रेलवे ने त्योहारों के लिए स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है, वहीं सितंबर और अक्टूबर में अलग-अलग रेलखंडों पर निर्माण और इंटरलॉकिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित भी रहेगा।दानापुर रेल मंडल में राजेंद्र पुल, हाथीदह जंक्शन और रामपुर डुमरा स्टेशनों पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है। इसके अलावा दिनकर ग्राम सिमरिया-बरौनी के बीच नई पुल परियोजना से जुड़े काम के कारण भी रेल ब्लॉक रहेगा।

ये ट्रेनें रहेंगी निरस्त

ब्लॉक के दौरान कुछ ट्रेनों को रद्द किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से:

  • 24 सितंबर: 05060 लालकुआं-कोलकाता
  • 26 सितंबर: 05059 कोलकाता-लालकुआं
  • 1 से 4 अक्टूबर: 13105 सियालदह-बलिया एक्सप्रेस
  • 1 से 5 अक्टूबर: 13106 बलिया-सियालदह एक्सप्रेस