नई दिल्ली: दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में बुधवार सुबह ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। एक गोदाम में ट्रक से सिलेंडर उतारने के दौरान हुए धमाके में 35 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

मृतक की पहचान मोहित सिंह, निवासी जयपुर, के रूप में हुई है। वह SM Traders में हेल्पर के तौर पर काम करता था। हादसे में घायल उमेश, अरविंद, मनोज और पंकज को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस उनकी पहचान और स्वास्थ्य स्थिति की पुष्टि कर रही है।

सिलेंडर सड़क पर गिरा और हो गया धमाका
घटना बुधवार सुबह करीब 10:43 बजे D-23, ओखला फेज-1 में हुई। पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद से कमर्शियल ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर एक Tata 407 ट्रक गोदाम पहुंचा था।
सिलेंडर उतारने के दौरान कथित तौर पर एक ऑक्सीजन सिलेंडर ट्रक से सड़क पर गिर गया। इसके बाद उसमें जोरदार धमाका हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सिर्फ एक सिलेंडर ही फटा था।

गोदाम में ऑक्सीजन फिलिंग प्लांट नहीं मिला
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, जिस परिसर में हादसा हुआ, उसका इस्तेमाल SM Traders गोदाम के रूप में कर रहा था। कंपनी औद्योगिक ऑक्सीजन सिलेंडरों की ट्रेडिंग और स्थानीय सप्लाई से जुड़ी बताई जा रही है। जांच के दौरान परिसर में ऑक्सीजन भरने का कोई प्लांट नहीं मिला। बताया गया है कि कंपनी करीब एक से दो साल से किराए की जगह से काम कर रही थी और वहां करीब तीन से चार कर्मचारी काम करते थे।

सिलेंडर कहां से आए, जांच जारी
पुलिस अब सिलेंडरों के सप्लायर, स्रोत और स्टोरेज, हैंडलिंग व परिवहन से जुड़े जरूरी वैधानिक परमिशन की जांच कर रही है। घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

विवेक विहार में भी हुआ था सिलेंडर ब्लास्ट
दिल्ली में कुछ दिन के भीतर सिलेंडर फटने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार को विवेक विहार इलाके में पुलिस स्टेशन के पीछे स्थित ‘झुग्गी नंबर 11’ में छोटा LPG सिलेंडर फट गया था। इस हादसे में अनिल दास (35) और उनकी पत्नी खुशबू (30) गंभीर रूप से झुलस गए थे।

ओखला हादसे के बाद अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि औद्योगिक ऑक्सीजन सिलेंडरों के भंडारण और हैंडलिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।