बिहार: 9 साल से पुलिस को चकमा देकर यहां-वहां छीपने वाली 1 लाख की इनामी विनीता भारती बिहार से गिरफ्तार कर ली गई है। बिहार एसटीएफ और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नक्सल विरोधी अभियान चलाया यह सफलता हासिल की है। गिरफ्तार विनीता भारती नक्सली कांडो की वॉन्टेड थी। जिसके खिलाफ बिहार के अलग-अलग जिलों में 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

STF और पुलिस की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

जानकारी के मुताबिक बिहार एसटीएफ, DIU और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने 22 नवंबर को बरौनी थाना क्षेत्र के बथौली गांव में छापेमारी कर विनीत भारती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक विनीत की गिरफ्तारी पर बिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ से 1 लाख का इनाम घोषित किया था।

नाम बदलकर छीप रही थी विनीता

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक विनीता भारती अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग जगहों पर रही थी। वह श्वेता, अनीता, प्रतिमा और कल्पना जैसे नामों से भी जानी जाती थी। इसी वजह से पुलिस को उसे पकड़ने में काफी समय लगा। विनीता मूल रूप से दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के लालपुर शिवराम गांव की रहने वाली है। उसका संबंध उत्तर बिहार के माओवादी संगठन से बताया गया है।

5 गंभीर मामलों में थी वांटेड

विनीता भारती को पुलिस वर्ष 2017 में दर्ज एक नक्सली मामले में तलाश रही थी। वह लंबे समय से फरार चल रही थी। के खिलाफ मुजफ्फरपुर और पश्चिमी चंपारण समेत अलग-अलग जिलों में 5 मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें हत्या, आर्म्स एक्ट, यूएपीए और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।

पति भी था नक्सली संगठन का कमांडर

पुलिस के अनुसार, विनीता भारती का पति अमरलाल देव उर्फ नकुल उत्तर बिहार में माओवादी संगठन का जोनल कमांडर था। वर्ष 2020 में पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकिनगर क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी।

पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

विनीता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फरारी के दौरान वह कहां-कहां रही और किन लोगों के संपर्क में थी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में माओवादी संगठन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


यह भी पढ़ें: भारत से लेकर पाकिस्तान तक गुरूपर्व का जश्न: आज सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव