शादीशुदा जिंदगी में पति-पत्नी के बीच छोटी-मोटी नोकझोंक होना आम बात है। कई बार किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस भी हो जाती है, लेकिन जब झगड़े के दौरान एक-दूसरे को नीचा दिखाया जाए और बार-बार अपमानजनक बातें कही जाएं, तो इसका असर रिश्ते के साथ-साथ इंसान के आत्मसम्मान पर भी पड़ता है।
मान लीजिए कोई पत्नी अपने पति से बार-बार कहती है कि तुम किसी काम के नहीं हो या तुमसे शादी करके मेरी जिंदगी खराब हो गई। ऐसी बातें सुनकर पति का दुखी होना स्वाभाविक है। ऐसे में सवाल उठता है कि इस तरह की स्थिति को कैसे संभालना चाहिए और रिश्ते में दोबारा प्यार और सम्मान कैसे लाया जा सकता है?
रिलेशनशिप और मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, रिश्ते को बेहतर बनाने के लिए कुछ जरूरी बातों पर ध्यान देना चाहिए।
पत्नी से शांति से करें बात
अगर पत्नी बार-बार नाराजगी जाहिर करती हैं या ताने मारती हैं, तो उनसे झगड़ा करने के बजाय आराम से बात करें। यह जानने की कोशिश करें कि आखिर वह किस बात से परेशान हैं, उनकी बात पूरी सुनें और बीच में रोकने या तुरंत जवाब देने से बचें। हो सकता है कि रिश्ते में कोई ऐसी परेशानी हो, जिस पर दोनों ने अब तक खुलकर बात न की हो।
अपनी कमियों को भी समझने की करें कोशिश
रिश्ते में सुधार लाने के लिए सिर्फ सामने वाले की गलतियां गिनाना काफी नहीं है। पति को भी यह सोचना चाहिए कि कहीं उनकी किसी आदत या व्यवहार से पत्नी को परेशान तो नहीं हो रही। बातचीत करने का तरीका, गुस्सा और एक-दूसरे की भावनाओं को समझने जैसी बातों पर ध्यान दें। अपनी गलतियों को सुधारने की कोशिश करने से रिश्ते में सकारात्मक बदलाव आ सकता है।
पत्नी को प्यार और सम्मान का एहसास कराएं
कई बार छोटी-छोटी बातें भी रिश्ते में खुशियां वापस ला सकती हैं। पत्नी की तारीफ करना, उनकी बातों को महत्व देना, घर के कामों में हाथ बंटाना और जरूरत के समय उनका साथ देना अच्छे रिश्ते की पहचान है। अपने प्यार को सिर्फ मन में रखने के बजाय उसे शब्दों और व्यवहार से भी जाहिर करें। हालांकि, यह भी जरूरी है कि पति-पत्नी दोनों एक-दूसरे का सम्मान करें। प्यार और समझदारी की जिम्मेदारी केवल एक व्यक्ति की नहीं होती।
जानें झगड़े की असली वजह
बार-बार होने वाले झगड़ों के पीछे कोई पुरानी नाराजगी, भरोसे की कमी या आपसी तालमेल की समस्या हो सकती है। इसलिए सिर्फ उस समय की बहस खत्म करने के बजाय यह समझना जरूरी है कि परेशानी की जड़ क्या है। दोनों साथ बैठकर उन बातों पर चर्चा करें, जिनकी वजह से रिश्ते में दूरियां बढ़ रही हैं।
जरूरत पड़ने पर मैरिज काउंसलर की लें मदद
अगर बार-बार कोशिश करने के बाद भी रिश्ते में सुधार नहीं हो रहा है और तनाव लगातार बढ़ रहा है, तो कपल काउंसलिंग की मदद ली जा सकती है। एक अच्छे काउंसलर की मदद से पति-पत्नी अपनी परेशानियों को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं। इससे दोनों को अपनी बात रखने और एक-दूसरे का नजरिया समझने का मौका मिलता है।
ये भी पढ़ें- रिश्ता टूटा तो बदला लुक! क्यों ब्रेकअप के बाद हेयरकट बन रहा इमोशनल रिसेट?
एक्सपर्ट की क्या है सलाह?
एक्सपर्ट के अनुसार, शादी को सफल बनाने के लिए पति और पत्नी दोनों को बराबर कोशिश करनी पड़ती है। सिर्फ एक इंसान के बदलने से रिश्ता लंबे समय तक बेहतर नहीं रह सकता। दोनों को एक-दूसरे की भावनाओं की कद्र करनी होगी और अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
एक बात हमेशा याद रखें: रिश्ते में प्यार जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी सम्मान भी है। बार-बार अपमान सहना किसी रिश्ते को बचाने की शर्त नहीं होनी चाहिए। अगर दोनों साथी अपनी गलतियों को समझकर सुधार करने के लिए तैयार हैं, तो रिश्ते में सुधार की उम्मीद की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर एक्सपर्ट की मदद लेना भी एक अच्छा कदम है।