उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार 4, अक्तूबर को घोषणा की है कि यूपी 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निर्यात के साथ देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन गया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के बढ़ते निर्यात और भदोही के कालीन उद्योग को लेकर प्रदेशवासियों से विकास की कहानी साझा किया। इस संदर्भ में सीएम योगी ने इन उपलब्धि पर चर्चा करते हुए भदोही के हस्तनिर्मित कालीनों के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला।

UP में निर्यात लगभग 2.27 गुना बढ़ा है

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, भदोही का हुनर पहले अपनी राह तलाशता था, लेकिन आज सरकार इसके लिए विकास, बाजार और अवसरों के नए द्वार खोल रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में राज्य का निर्यात लगभग 2.27 गुना बढ़ा है और 2 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है। इस तरह उत्तर प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन गया है।

कारीगरी को विकास और ग्लोबल मार्केट से जोड़ा जाएगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भदोही के कालीन इन निर्यातों में बड़ा योगदान देता हैं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले, भदोही के कालीनों को वैश्विक बाजार में लाने वाले कुशल कारीगरों को बुनियादी सुविधाओं और अवसरों के लिए इंतजार करना पड़ता था।
लेकिन आज डबल इंजन की सरकार में उसी कारीगरी को विकास और ग्लोबल मार्केट से जोड़ा जा रहा है।

भदोही कालीनों की मांग आज दुनिया में सबसे ज़्यादा

भदोही के हाथ से बने कालीनों की मांग आज दुनिया में सबसे ज़्यादा है। जिससे उत्तर प्रदेश की कारीगरी को ग्लोबल लेवल पर पहचान मिल रही है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वह भदोही में एशिया के अपनी तरह के सबसे बड़े इंटरनेशनल हाथ से बने कालीन व्यापार मेले ‘इंडिया कार्पेट एक्सपो’ के गोल्डन जुबली एडिशन का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों में 1,340 करोड़ रुपये से ज़्यादा के 112 विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया जाएगा और अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी उनका हक मिलेगा।

ये भी पढ़ें-ईरान पर ट्रंप का बड़ा बयान: अमेरिका के पास आसान या कठिन रास्ते का विकल्प