नई दिल्ली: ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच केंद्र सरकार ने लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए नई पहल की है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB), प्रसार भारती, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) और इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने Meta के साथ मिलकर देश की पहली सरकारी पहल वाली पब्लिक इंटरेस्ट माइक्रोड्रामा सीरीज शुरू करने की घोषणा की है।

इस सीरीज का नाम 'स्कैम से बचो' रखा गया है। इसे सबसे पहले Instagram पर रिलीज किया जाएगा। इसके बाद यह Waves OTT पर भी उपलब्ध होगी। इस पहल का मकसद लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों से परिचित कराना और उन्हें ऐसे मामलों में सतर्क रहने के लिए तैयार करना है।

फर्जी नौकरी से डिजिटल अरेस्ट तक, इन स्कैम पर रहेगी नजर

इस माइक्रोड्रामा सीरीज में ऑनलाइन ठगी के उन तरीकों को कहानी के जरिए दिखाया जाएगा, जिनका इस्तेमाल करके साइबर अपराधी लोगों को अपना निशाना बनाते हैं। इनमें फर्जी नौकरी के ऑफर, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामले शामिल हैं। डिजिटल अरेस्ट स्कैम में अपराधी खुद को पुलिस, जांच एजेंसी या किसी सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं। इसके बाद गिरफ्तारी या कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश की जाती है। सीरीज में ऐसे मामलों के संकेत पहचानने, किसी भी संदिग्ध दावे की जांच करने और जल्दबाजी में पैसे ट्रांसफर नहीं करने का संदेश दिया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को केवल साइबर अपराध के बारे में जानकारी देना नहीं, बल्कि ठगी की स्थिति में सही कदम उठाने के लिए भी जागरूक करना है।

Instagram के बाद Waves OTT पर भी होगी उपलब्ध

इस पहल में माइक्रोड्रामा फॉर्मेट का इस्तेमाल किया गया है। इसमें छोटी-छोटी कहानियों के माध्यम से किसी विषय को आसानी से समझाने की कोशिश की जाती है। मोबाइल पर कम समय में देखे जा सकने वाले इन वीडियो के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जरूरी जानकारी पहुंचाने की योजना है। प्रसार भारती के CEO गौरव द्विवेदी ने कहा कि भारत की क्रिएटर इकॉनमी तेजी से आगे बढ़ रही है और कहानी सुनाने के नए तरीके क्रिएटर्स के लिए अवसर पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि Waves OTT और प्रसार भारती ऐसे नए फॉर्मेट को बढ़ावा देने के साथ उनका इस्तेमाल जनहित के कामों में भी करना चाहते हैं।

SEBI ने भी निवेश से जुड़े फ्रॉड पर जताई चिंता

इस पहल में SEBI भी शामिल है। संस्था के कार्यकारी निदेशक संजय सी पुराओ ने कहा कि वित्तीय धोखाधड़ी के तरीके लगातार बदल रहे हैं। ऐसे में निवेशकों को सही जानकारी देना और उन्हें समय पर जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने SEBI के 'समझ से इन्वेस्टिंग सिंपल' अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि माइक्रोड्रामा जैसे नए फॉर्मेट से लोगों को निवेश से जुड़े जटिल धोखाधड़ी के तरीकों को समझने में मदद मिल सकती है। उन्होंने निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले जानकारी की पुष्टि करने पर जोर दिया।

ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

I4C के निदेशक निशांत कुमार ने कहा कि साइबर अपराधी डिजिटल अरेस्ट जैसे तरीकों से लोगों को डराकर ठगी कर रहे हैं। ऐसे मामलों में अपराधी जल्दबाजी और भय का माहौल बनाते हैं, ताकि पीड़ित किसी से सलाह या जानकारी की पुष्टि न कर सके। उन्होंने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों को पहचानने और समय रहते शिकायत करने की अपील की। अगर किसी के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो वह राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा आधिकारिक साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

Meta ने कॉमिक स्ट्रिप भी जारी की

Meta ने इस अभियान के तहत निवेश से जुड़े स्कैम और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों पर जागरूकता फैलाने के लिए एक कॉमिक स्ट्रिप भी जारी की है। इसमें लोगों को संदिग्ध संदेशों और दावों को पहचानने, सवाल पूछने और जानकारी की पुष्टि करने की सलाह दी गई है। Meta India के सीनियर डायरेक्टर और हेड ऑफ पब्लिक पॉलिसी अमन जैन ने कहा कि जब लोग अपने आसपास की घटनाओं से मिलती-जुलती कहानियों में ठगी के तरीके देखते हैं तो वे चेतावनी के संकेतों को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह माइक्रोड्रामा सीरीज लाखों लोगों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर रुकने, जांचने और शिकायत करने के लिए प्रेरित करेगी।

यह भी पढ़ें:आर्यन खान को मिला बड़ा सम्मान, TIME100 Next India के पहले कवर पर बनाई जगह