मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज स्थित भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि साइकिल वाली सत्ता में योजनाओं और विकास की डकैती होती थी। उस समय गरीबों तक पहुंचने वाली सुविधाओं को बीच में ही हड़प लिया जाता था।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में 2017 के बाद विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कमल चुनाव चिह्न पर जनता के भरोसे का परिणाम बताया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में आवास, राशन और पेंशन जैसी सुविधाओं में गड़बड़ी होती थी, जबकि मौजूदा सरकार में गरीबों के अधिकारों पर सेंध लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

'2017 से पहले माफिया और मच्छर से होती थी गोरखपुर की पहचान'

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में गोरखपुर की पुरानी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले इस शहर की पहचान माफिया और मच्छर से होती थी। उन्होंने इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मौतों का मुद्दा उठाते हुए पिछली सरकारों पर पीड़ित परिवारों की अनदेखी का आरोप लगाया। योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान इंसेफेलाइटिस से प्रभावित बच्चों को देखने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री अस्पताल तक नहीं पहुंचे।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में गरीबों को आवास, राशन, पेंशन और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले साढ़े नौ वर्षों में भाजपा सरकार ने 65 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराए हैं। वनटांगिया गांवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जहां पहले लोगों के पास झोपड़ियां थीं, वहां अब पक्के मकान, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र हैं।

मंदिरों और महापुरुषों से जुड़े स्थलों के विकास का भी किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने धार्मिक स्थलों और महापुरुषों की स्मृतियों से जुड़े विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 4,500 से अधिक स्थानों पर मंदिरों के पुनरुद्धार और सुंदरीकरण का काम कराया जा रहा है। उन्होंने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि समेत कई महापुरुषों से जुड़े स्थलों के विकास के लिए सरकार की ओर से धनराशि जारी किए जाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने निषादराज गुह्य और महाराज सुहेलदेव की विरासत को संजोने का भी जिक्र किया। उन्होंने श्रृंगवेरपुर में भगवान राम और निषादराज की 56 फुट ऊंची प्रतिमा तथा बहराइच में महाराज सुहेलदेव के स्मारक का उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस पर इन ऐतिहासिक व्यक्तित्वों की विरासत को उचित महत्व नहीं देने का आरोप लगाया।

491 करोड़ से बनेगा प्रदेश का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कैंपियरगंज के भारीवैसी में बनने वाला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय रहा। करीब 50 हेक्टेयर यानी 123 एकड़ से अधिक क्षेत्र में बनने वाले इस विश्वविद्यालय पर 491 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से यहां कक्षाएं शुरू करा दी जाएंगी। शुरुआत में किसी दूसरे स्थान पर पढ़ाई की व्यवस्था होगी, जबकि विश्वविद्यालय के भवन का निर्माण निर्धारित समय में पूरा कराया जाएगा। इस विश्वविद्यालय में वानिकी, औद्यानिकी, एग्रोफॉरेस्ट्री, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसे विषयों की पढ़ाई होगी। यहां बीएससी, एमएससी और पीएचडी के साथ डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर तैयार करने वाला संस्थान बताया।

किसानों की आय बढ़ाने के लिए होगा शोध

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसानों और वन विभाग के अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए भी केंद्र के रूप में काम करेगा। यहां टिशू कल्चर और बागवानी से जुड़े शोध के जरिए केला, आलू, आम, आंवला और दूसरी फसलों की नई किस्में विकसित करने पर काम होगा। मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए एक और घोषणा करते हुए कहा कि खेतों की मेड़ पर तेजी से बढ़ने वाले पेड़ लगाने और पुराने पेड़ों को काटने से जुड़े नियमों में बदलाव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान यदि मेड़ पर 10 नए पेड़ लगाता है और उनका सत्यापन करा लेता है तो काटने योग्य पुराने पेड़ों को हटाने की मंजूरी देने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए नियमों में जल्द संशोधन किया जाएगा।

55 परियोजनाओं में 16 का शिलान्यास, 39 का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कुल 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 621.05 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं में ग्रामीण सड़कों, बाढ़ नियंत्रण और पेयजल व्यवस्था से जुड़े काम प्रमुख हैं। रोहिन नदी के तटबंधों पर पंपिंग स्टेशन बनाने, राप्ती और रोहिन नदी के किनारे कटाव रोकने तथा पीपीगंज की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने वाली योजनाएं भी इसमें शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय शिक्षा, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और किसानों की समृद्धि का माध्यम बनेगा। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करके युवाओं और किसानों के लिए नए अवसर तैयार किए जाएं।

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में बुलडोजर से कुचलकर बच्चे की मौत पर योगी सख्त, परिजनों से मिले CM; 5 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान