Gorakhpur News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रैली के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत  हो गई, इस  घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान गोरखपुर के बीजेपी सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने परिवार को सांत्वना दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं, पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई।

परिवार से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के गुंडों ने मासूम किशोर की हत्या की है।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन को कानून के दायरे में रहते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

चौरी-चौरा के क्रांतिकारी परिवार से जुड़ा था मृतक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि मृतक किशोर एक महत्वपूर्ण स्वतंत्रता सेनानी और चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े क्रांतिकारी के वंशज परिवार से था। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी के परिवार के साथ इस तरह की क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सड़कें आवागमन के लिए होती हैं, अराजकता फैलाने के लिए नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि किशोर स्कूल से घर लौट रहा था, तभी उसे JCB ने टक्कर मारी और फिर वाहन को जानबूझकर उसके ऊपर चढ़ा दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पीड़ित परिवार बोला- आज रात तक कार्रवाई का मिला भरोसा
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मृतक के पिता ओंकार सिंह ने बताया कि योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया है कि गुरुवार रात तक जरूरी कार्रवाई की जाएगी और कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा।

ओंकार सिंह ने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अध्यक्ष मौत के मामले में राजनीति कर रहे हैं। उनके मुताबिक, यदि रैली और यात्रा का आयोजन किया गया था तो उसकी व्यवस्था भी व्यवस्थित होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने परिवार को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।

अखिलेश यादव ने भी जताया था दुख
इस घटना को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दुख जताया था। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को परिजनों से मिलने और हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए थे।

हालांकि, अखिलेश ने घटना को लेकर राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधा था। उन्होंने लखनऊ अग्निकांड का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग इस घटना पर राजनीति कर रहे हैं। इससे पहले बुधवार को उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की थी कि भविष्य में उनके स्वागत के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल न किया जाए। उन्होंने कहा था कि बुलडोजर का काम अच्छी सड़कें बनाना है, उसे एक ड्राइवर चलाता है।

पुलिस ने JCB जब्त की, मालिक और ऑपरेटरों की तलाश
घटना के बाद बुधवार को मृतक के परिजनों ने धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद जिलाधिकारी और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ मौके पर पहुंचे और परिवार से बातचीत कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

एसएसपी ने बताया था कि परिजनों की मांग के अनुसार मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे में शामिल JCB मशीन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मशीन के मालिक और ऑपरेटरों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

और पढ़ें: भगवान राम-कृष्ण पर अपर्णा यादव का बयान, अखिलेश यादव को लेकर भी कही बड़ी बात