दुनियाभर में Microsoft की सेवाओं में तकनीकी कमी के कारण रुकावट आ गई। Microsoft Outlook, Microsoft 365, Teams, Word, Excel और OneDrive इस्तेमाल करने वाले हजारों लाखों यूजर्स को अचानक से परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यूजर्स ईमेल नहीं भेज पा रहे थे, तो कुछ को अपना इनबॉक्स खोलने और Microsoft की दूसरी सेवाओं से जुड़ने में दिक्कतों का सामना कर रहे थे। 12 नवंबर 2026 को शुरू हुई इस वैश्विक रुकावट के दौरान Downdetector पर Outlook से जुड़ी शिकायतें करीब 1.38 लाख तक पहुंच गईं। Microsoft ने सर्वर में आई समस्या को स्वीकार करते हुए सेवाएं बहाल करने का काम शुरू किया।

Microsoft का सर्वर आखिर क्यों हुआ डाउन?

Microsoft के मुताबिक समस्या का कारण इंटरनेट ट्रैफिक में अचानक से तेजी नहीं थी। कंपनी ने पाया कि उसके कई सर्वर अचानक अनुपलब्ध हो गए थे। इसके कारण बाकी काम कर रहे सर्वरों पर अतिरिक्त लोड पड़ने लगा और यूजर्स को कनेक्टिविटी की समस्या होने लगी। कंपनी ने प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट करने, ट्रैफिक को दूसरे सर्वरों पर भेजने और सर्वर की पुरानी सॉफ्टवेयर कॉन्फिगरेशन के साथ जांच करने जैसे कदम उठाए।

बार-बार सेवाएं क्यों हो जाती हैं ठप?

Microsoft जैसी बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनी के पास दुनिया भर में डेटा सेंटर और हजारों सर्वर हैं। इसके बावजूद कई वजहों से सेवाएं बाधित हो सकती हैं। सॉफ्टवेयर अपडेट में गड़बड़ी के कारण भी सर्वर या सिस्टम में नया अपडेट लागू करने के बाद तकनीकी समस्या पैदा हो सकती है। सर्वर फेल होने के कारण किसी डेटा सेंटर के सर्वर अचानक काम करना बंद कर दें तो दूसरे सर्वरों पर दबाव बढ़ जाता है।

कॉन्फिगरेशन में गलती की वजह से भी नेटवर्क या सर्वर की सेटिंग में बदलाव से कनेक्टिविटी प्रभावित हो सकती है। नेटवर्क की समस्या को लेकर भी कई बार ऐसा होता है। डेटा सेंटर और यूजर्स के बीच नेटवर्क कनेक्शन बाधित होने से सेवाएं बंद हो सकती हैं। एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भरता भी सर्वर को डाउन करने की मुख्य वजह होती है। Outlook, Teams और दूसरी सेवाएं कई साझा Microsoft क्लाउड सिस्टम पर निर्भर हैं।

एक अहम सिस्टम में गड़बड़ी का असर कई सेवाओं पर पड़ सकता है। Microsoft के दस्तावेजों के मुताबिक, हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर की खराबी, नेटवर्क कनेक्शन में बदलाव और डेटा सेंटर संबंधी समस्याएं भी सर्विस आउटेज की वजह बन सकती हैं।

क्या यूजर्स का ईमेल और डेटा सुरक्षित है?

सर्वर डाउन होने का मतलब यह नहीं है कि यूजर्स का ईमेल या डेटा डिलीट हो गया है। आमतौर पर ऐसी स्थिति में समस्या सेवाओं तक पहुंचने में होती है। हालांकि, यूजर्स को कुछ सावधानियां रखनी चाहिए। बार-बार ईमेल भेजने की कोशिश करने से पहले Sent Items चेक करें। जरूरी ईमेल का बैकअप रखें। किसी अनजान वेबसाइट पर अपना Microsoft पासवर्ड न डालें। सेवा बहाल होने तक आधिकारिक अपडेट देखते रहें।

यह भी पढ़ें: Weather Update: देश के 17 राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर होगी बर्फबारी, जानें दिल्ली-UP का मौसम