Child dies in Gorakhpur: गोरखपुर में PDA रैली के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस मामले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दुख जताया है। उन्होंने मृतक बच्चे के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, इस घटना को लेकर उन्होंने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा और लखनऊ अग्निकांड का जिक्र करते हुए उन पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ''एक मासूम की दुर्घटना में मौत से सभी दुखी हैं। उन्होंने लिखा कि पार्टी के लोगों को पीड़ित परिवार से मिलने और उनकी हरसंभव सहायता करने के लिए कहा गया है।''
किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है और अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करनेवाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी माँ के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी। शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 19, 2026
लखनऊ अग्निकांड का जिक्र कर विरोधियों पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर राजनीति करने वालों को लखनऊ अग्निकांड याद रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस घटना में जान गंवाने वाले एक युवक की दुखी मां के साथ दुर्व्यवहार किया गया था और उन्हें धमकाया गया था। अखिलेश ने कहा कि दुख जताने का दिखावा करने वालों की सच्चाई जनता समझ चुकी है।
अखिलेश बोले- आगे से बुलडोजर से न करें स्वागत
इस घटना के बाद बुधवार को मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी अपील की थी। उन्होंने कहा कि भविष्य में उनके स्वागत के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल न किया जाए।
अखिलेश ने कहा, "मैं अपने पार्टी के साथियों से कहना चाहूंगा कि आगे से बुलडोजर से स्वागत न करें। बुलडोजर का काम अच्छी और गुणवत्तापूर्ण सड़कें बनाना है। बुलडोजर के पास अपना दिमाग नहीं होता, उसे एक ड्राइवर चलाता है।"
परिजनों ने किया प्रदर्शन, JCB जब्त
बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने विरोध प्रदर्शन और धरना दिया। मौके पर जिलाधिकारी और गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ पहुंचे। अधिकारियों ने परिवार से बातचीत कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बुधवार को बताया, ''परिजनों की मांगों के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे में शामिल JCB मशीन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मशीन के मालिक और उसे चलाने वाले लोगों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।''
योगी बोले- मासूम बच्चे का क्या कसूर था?
इस मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा, "झंगहा से पढ़ने आए 12-13 साल के मासूम बच्चे का आखिर क्या कसूर था, जिसकी बेरहमी से जान चली गई। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर घटना के बाद संवेदना का एक शब्द तक नहीं कहने का आरोप लगाया।"
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को ऐसी सजा दी जाएगी, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी।
और पढ़ें: ‘चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगी कांग्रेस…’ राहुल गांधी के बयान पर पवन खेड़ा ने दिया बड़ा जवाब