Assam PepsiCo Plant: असम के औद्योगिक विकास को गुरुवार को बड़ी रफ्तार मिली। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने नलबाड़ी जिले के बनेकुची में PepsiCo India के 778 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक आलू चिप्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का औपचारिक उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से सीधे तौर पर करीब 5 हजार किसानों को फायदा मिलेगा और राज्य के करीब 700 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
2023 में रखा गया था प्लांट का शिलान्यास
मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि इस परियोजना का शिलान्यास 6 सितंबर 2023 को किया गया था। महज तीन साल के भीतर प्लांट को शुरू करना असम के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि असम में इस तरह का यह पहला आलू चिप्स निर्माण प्रोजेक्ट है। सरकार की कोशिश रहेगी कि प्लांट में इस्तेमाल होने वाले आलू की जरूरत का ज्यादा से ज्यादा हिस्सा असम के किसानों से ही पूरा किया जाए।
5 हजार किसानों को मिलेगा सीधा फायदा
मुख्यमंत्री के मुताबिक, PepsiCo को फिलहाल हर साल करीब 30,000 मीट्रिक टन आलू की जरूरत है। वर्ष 2030 तक यह मांग बढ़कर करीब 70,000 मीट्रिक टन होने का अनुमान है। नलबाड़ी, कामरूप और दरांग के किसानों को चिप्स निर्माण के लिए जरूरी विशेष किस्म के आलू की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। PepsiCo स्थानीय किसानों से तय कीमत पर आलू खरीदेगी, जिससे हजारों किसान परिवारों को सीधे फायदा मिलने की उम्मीद है।
फसल बीमा और Kisan Credit Card से मदद
सरकार विशेष आलू की खेती को फसल बीमा योजना के दायरे में लाने की तैयारी कर रही है। बेहतर बीज खरीदने के लिए किसानों को Kisan Credit Card के माध्यम से सहायता देने की भी योजना है। इस उद्देश्य से असम सरकार, PepsiCo और भारतीय स्टेट बैंक के बीच त्रिपक्षीय समझौता भी किया गया है। किसानों के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता या सब्सिडी देने पर भी सरकार विचार कर रही है।
200 से ज्यादा डायरेक्ट और 500 इनडायरेक्ट रोजगार
करीब 120 बीघा में फैले इस प्लांट से 200 से ज्यादा प्रत्यक्ष और करीब 500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। खास बात यह है कि प्लांट के कुल कार्यबल में करीब 75 प्रतिशत महिलाएं हैं। इसके अलावा करीब 120 महिलाओं को विशेष डिजिटल स्किल ट्रेनिंग भी दी गई है।
आलू के लिए रुपये 35 करोड़ की कोल्ड स्टोरेज सुविधा
सालभर आलू की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए Ross Food Chain Solutions ने करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से 10,000 मीट्रिक टन क्षमता वाला अत्याधुनिक कोल्ड स्टोरेज तैयार किया है। इस सुविधा से भी करीब 45 प्रत्यक्ष और 150 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।
Made in Banekuchi के नाम से देशभर में बिकेंगे चिप्स
मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि बनेकुची में तैयार होने वाले चिप्स पर ‘Made in Banekuchi, Nalbari, Assam’ की पहचान होगी और ये उत्पाद देशभर के उपभोक्ताओं तक पहुंचेंगे। उनके मुताबिक, इससे असम को देश के औद्योगिक नक्शे पर नई पहचान मिलने के साथ राज्य के किसानों और स्थानीय कारोबारियों को भी फायदा होगा।
युवाओं का पलायन रोकने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े, इसके लिए औद्योगिकीकरण जरूरी है। सरकार ऐसा माहौल तैयार करना चाहती है, जहां युवाओं को राज्य में ही सम्मानजनक रोजगार और उद्यमिता के अवसर मिल सकें।
उन्होंने बताया कि असम में विभिन्न क्षेत्रों में 5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश आए हैं। इनमें हाइड्रोकार्बन और पेट्रोकेमिकल्स में 2.86 लाख करोड़ रुपये,पावर में 1 लाख करोड़ रुपये, इंफ्रास्ट्रक्चर में रुपये 55 हजार करोड़ रुपये, माइनिंग में रुपये 53 हजार करोड़ रुपये और इलेक्ट्रॉनिक्स में करीब 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश शामिल है।
सरमा के मुताबिक, कुल निवेश में से करीब रुपये 3 लाख करोड़ की परियोजनाएं फिलहाल कार्यान्वयन के चरण में हैं, जिनसे लगभग एक लाख युवाओं के लिए रोजगार पैदा होने की संभावना है।
इन बड़ी परियोजनाओं पर भी काम
मुख्यमंत्री ने राज्य में आने वाली कई बड़ी परियोजनाओं का भी जिक्र किया। इनमें धुबरी के चापोर में 50 हजार करोड़ रुपये का थर्मल पावर प्लांट, नामरूप में 12 लाख मीट्रिक टन क्षमता का नया फर्टिलाइजर प्लांट, नुमालीगढ़ रिफाइनरी का विस्तार और जागीरोड में सेमीकंडक्टर परियोजना शामिल हैं। सरमा ने कहा कि राज्य में 1.7 लाख सरकारी नौकरियां देने के बाद अब 2 लाख और भर्तियों की प्रक्रिया शुरू की गई है। मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान के तहत युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए रुपये 2 लाख तक की बिना जमानत वित्तीय सहायता भी दी जा रही है।
नलबाड़ी के विकास के लिए भी ऐलान
मुख्यमंत्री ने नलबाड़ी के समग्र विकास के लिए कई कदमों की घोषणा की। महिला स्वयं सहायता समूहों को रुपये 25 हजार की सहायता और युवाओं को अनुदान व ऋण के जरिए वित्तीय सहयोग देने की बात कही गई। इसके अलावा बनेकुची क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था और सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए तत्काल कदम उठाने की जानकारी भी दी गई। PepsiCo India और South Asia के CEO जागृत कोटेचा ने प्लांट के उद्घाटन को कंपनी की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि असम की मजबूत कृषि व्यवस्था, बेहतर हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर और बढ़ता आर्थिक महत्व राज्य को कंपनी के विस्तार के लिए उपयुक्त बनाता है।
उद्घाटन कार्यक्रम में वित्त मंत्री जयंत मल्ला बरुआ, कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता मंत्री बिस्वजीत दैमारी, कई विधायक, PepsiCo के वरिष्ठ अधिकारी, सरकारी अधिकारी और एक हजार से ज्यादा स्थानीय किसान मौजूद रहे।