लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय गुरुवार को मथुरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के आवास पर पहुंचकर उनसे और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। अजय राय ने कुंवर सिंह निषाद की माता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके सम्मान की लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। वही कुंवर सिंह निषाद से मुलाकात के दौरान अजय राय ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रवक्ता को पुलिस द्वारा उनके ही घर में नजरबंद किया जाना प्रदेश सरकार की कार्यशैली और लोकतंत्र के प्रति उसकी सोच को दर्शाता है।

अजय राय का सरकार पर तानाशाही का आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र और संविधान से मिली अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी व्यक्ति सरकार के खिलाफ अपनी बात रखता है या किसी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे पुलिस और प्रशासन के जरिए रोकने की कोशिश की जाती है। अजय राय के मुताबिक, किसी व्यक्ति को उसके ही घर में पुलिस लगाकर बाहर जाने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर कार्रवाई की मांग करने वाले व्यक्ति को ही क्यों रोका जा रहा है।

कुंवर सिंह निषाद के मामले में कार्रवाई की मांग
अजय राय ने कहा कि कुंवर सिंह निषाद अपने साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और उनकी माताजी के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई व्यक्ति अपने सम्मान और परिवार के सम्मान को लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग करता है तो उसे ही पुलिस के माध्यम से रोकना कहां तक उचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंत राजू दास ने एक लाइव टीवी डिबेट के दौरान कुंवर सिंह निषाद और उनकी माताजी के प्रति कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। अजय राय ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की।

‘कानून का राज तभी जब सभी के लिए बराबर हो’
अजय राय ने कहा कि लोकतंत्र में कानून सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए। अगर किसी प्रभावशाली व्यक्ति को संरक्षण मिलता है और कार्रवाई की मांग करने वाले व्यक्ति की आवाज दबाई जाती है तो इससे आम लोगों के बीच गलत संदेश जाता है। उन्होंने कहा, “कानून का राज तभी माना जाएगा जब कानून सबके लिए बराबर हो। किसी प्रभावशाली व्यक्ति को संरक्षण और पीड़ित की आवाज को दबाने की नीति लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।”

मां को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मान
मुलाकात के दौरान अजय राय ने कुंवर सिंह निषाद की माताजी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी मां, बहन या महिला के सम्मान के साथ समझौता नहीं किया जा सकता। सार्वजनिक मंचों या टीवी डिबेट के दौरान महिलाओं और माताओं के प्रति अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल को उन्होंने गंभीर विषय बताया। अजय राय ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में कानून के अनुसार निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले में कुंवर सिंह निषाद और उनके परिवार के साथ खड़ी है।

कुंवर सिंह निषाद ने कहा- संघर्ष जारी रहेगा
कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का उनके घर पहुंचने और परिवार से मुलाकात करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाती रही है। निषाद ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ उनके व्यक्तिगत सम्मान की नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों की लड़ाई है, जिनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि सम्मान, स्वाभिमान, अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश धनगर, महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि, महानगर कांग्रेस कमेटी आगरा के अध्यक्ष अमित सिंह, कौशल सैनी, कन्हैया निषाद, देवेंद्र निषाद, मनदीप सिंह बघेल, अनिल सिकरवार, दर्शन सिंह सिकरवार, मोहित सिंह, गिरीश कुमार, सुशील निषाद, रवि निषाद, वीरपाल सिंह छोकर, शैलेंद्र चौधरी, मोनू कुमार निषाद, करण सिंह निषाद, हेमंत कुमार, बालवीर प्रधान, दीपक पाराशर, हाशिम हुमेंर, अशोक निषाद, आशीष अग्रवाल, दीपक दीक्षित, हरिओम उपाध्याय, योगेश निषाद, दीपक सिंह, भगवान सिंह और राजेश कुमार सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Reported by: M. Athar Uddin Munne Bharti