वाराणसी: वाराणसी में 20 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘नई पीढ़ी संवाद’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर राम कटोरा स्थित समता भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा हुई।
संवाद में 9 सूत्री एजेंडे पर होगी चर्चा
बैठक में तय किया गया कि रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान के तहत आयोजित होने वाले इस संवाद में 9 सूत्री एजेंडे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसमें शिक्षा और रोजगार का अधिकार, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेंशन व्यवस्था, भूमिहीनों को आवासीय जमीन का अधिकार, प्रदेश से पूंजी पलायन पर रोक, खाली पदों को तत्काल भरने, माइक्रोफाइनेंस कंपनियों की कथित लूट पर रोक, कॉरपोरेट संपत्ति पर टैक्स और पूंजी नियंत्रण जैसे मुद्दे शामिल हैं।
इसके अलावा प्राकृतिक संसाधनों की लूट रोकने, पर्यावरण संरक्षण, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी, बुनकरों और असंगठित मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा तथा महिलाओं और युवाओं को उद्यम के लिए सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
संवैधानिक अधिकारों को सुनिश्चित करना बड़ा सवाल
बैठक को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के संस्थापक सदस्य अखिलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए जवाबदेह सरकार और संस्थाओं का होना आज सबसे बड़ा सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा नीतियों का असर आम जनता के हितों के खिलाफ पड़ रहा है और आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ रही है।
जनहित के मुद्दों को राजनीति के केंद्र में लाने की जरूरत
उन्होंने कहा कि देश गंभीर आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहा है,ऐसे में जनहित के मुद्दों को लोकतांत्रिक राजनीति के केंद्र में लाने की जरूरत है। उन्होंने वाराणसी सहित आसपास के 10 जिलों को एक इकाई के रूप में संगठित करने की बात भी कही।
डॉ. टीके लहरी पर हुए हमले की निंदा
बैठक में कई प्रस्ताव भी पारित किए गए। इनमें डॉ.टीके लहरी पर हुए हमले की निंदा करते हुए तत्काल FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग,विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्र संघ को संवैधानिक इकाई के रूप में लागू करने तथा थियोसोफिकल सोसायटी में कथित अवैध होटल निर्माण को रोकने की मांग शामिल रही।
बैठक की अध्यक्षता विजय शंकर पाण्डेय ने की,जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्व एमएलसी अरविंद सिंह ने किया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं,राजनीतिक प्रतिनिधियों,युवाओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भाग लिया।
यह भी पढ़ें: यूपी के इस जिले की बदलेगी तस्वीर! 1100 बीघा में बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, खुलेंगे नौकरी के रास्ते