दिल्ली: दिल्ली की मुख्य्मंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली को साफ़ और स्वच्छ बनाने के लिए और सार्वजनिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। राजधानी में 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाने की योजना को मंजूरी मिल गई है। इसके लिए ₹266 करोड़ के बजट को मंजूरी दी गई है। हालांकि योजना का उद्देश्य दिल्ली के सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को साफ, सुरक्षित और बेहतर शौचालय सुविधा उपलब्ध कराना है। खासकर बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर इन सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

EFC ने ₹266 करोड़ के प्रस्ताव को दी मंजूरी

इस परियोजना के लिए Expenditure Finance Committee यानी EFC ने ₹266 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक तैयार किए जाएंगे। यह परियोजना सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ राजधानी में लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी अहम कदम मानी जा रही है। साथ ही नए शौचालय ब्लॉक को भी आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की योजना है। इनमें साफ-सफाई, पानी, उचित प्रकाश व्यवस्था और नियमित रखरखाव जैसी मूलभूत सुविधाओं पर जोर दिया जाएगा।

दिल्ली के किन इलाकों में बनेंगे शौचालय?

500 शौचालय ब्लॉक दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बनाए जाने की योजना है। खासतौर पर उन सार्वजनिक स्थानों को प्राथमिकता दिए जाने की उम्मीद है जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। इनमें बाजार, प्रमुख सार्वजनिक स्थान, परिवहन केंद्र और भीड़भाड़ वाले इलाके शामिल हो सकते हैं। हालांकि किस इलाके में कितने शौचालय बनाए जाएंगे, यह अभी तक तय नहीं किया गया है।

महिलाओं और दिव्यांगों के लिए भी सुविधाएं

वही आधुनिक सार्वजनिक शौचालयों में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था के साथ दिव्यांग लोगों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा सकता है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित और साफ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना इस तरह की परियोजनाओं का अहम हिस्सा माना जाता है। इसके अलावा बेहतर पानी की व्यवस्था, सफाई, रोशनी और नियमित रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाएगा। इससे सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को ज्यादा सुविधाजनक अनुभव मिल सकता है।

सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगा फायदा

दिल्ली जैसे बड़े शहर में सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता और उनका रखरखाव लंबे समय से महत्वपूर्ण मुद्दा रहा है। बाजारों, सड़क किनारे और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त शौचालय नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में 500 नए आधुनिक शौचालय ब्लॉक बनने से राजधानी की सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिल सकती है। खासतौर पर उन लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है जो काम, खरीदारी या दूसरे कारणों से लंबे समय तक सार्वजनिक स्थानों पर रहते हैं।

कब तक बनेंगे ये शौचालय?

फिलहाल परियोजना के लिए ₹266 करोड़ की मंजूरी की जानकारी सामने आई है। अब इसके बाद निर्माण, स्थानों के चयन और टेंडर से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। किस इलाके में निर्माण कब शुरू होगा और सभी 500 ब्लॉक कब तक तैयार होंगे, इसकी समयसीमा संबंधित विभाग की आगे की कार्रवाई के बाद स्पष्ट होगी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली में सार्वजनिक शौचालयों की संख्या बढ़ने के साथ उनकी सुविधाओं में भी सुधार होने की उम्मीद है। राजधानी में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिहाज से यह एक अहम परियोजना साबित हो सकती है।

 यह भी पढ़ें: दिल्ली से अब घंटों का सफर मिनटों में होगा तय! 67 मिनट में बावल, 90 में करनाल, यहां पड़ेंगे कई बड़े स्टेशन