Duleep Trophy 2026 Semi-Final: भारत और श्रीलंका के बीच खेली गई दो टेस्ट मैच की सीरीज खत्म हो चुकी है। इस सीरीज का दूसरा मैच 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला गया, जो ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस मैच में ऑफ स्पिनर सारांश जैन को डेब्यू का मौका मिला, लेकिन वह उम्मीदों के अनुकूल प्रदर्शन नहीं कर सके।

उन्होंने कोलंबो टेस्ट की दोनों पारियों में क्रमश: 2 और 1 विकेट लिया था। लेकिन, इस सीरीज को खत्म हुए अभी सिर्फ तीन दिन ही बीते हैं कि सारांश जैन सेंट्रल जोन के लिए दलीप ट्रॉफी 2026 का सेमीफाइनल मैच खेलने मैदान पर उतर चुके हैं। क्रिकेट के प्रति उनके जुनून की खूब सराहना की जा रही है।

सेंट्रल जोन की टीम में एंट्री

श्रीलंका दौरा खत्म होने के बाद सारांश जैन ने आराम करने की बजाय दलीप ट्रॉफी 2026 में खेलने का फैसला किया। यह मैच ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच बेंगलुरु में स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 पर खेला जा रहा है।

सेमीफाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और जब सेंट्रल जोन ने अपनी प्लेइंग इलेवन की घोषणा की तो उसमें सारांश जैन का नाम भी शामिल था, जो कि तीन दिन पहले यानी 27 अगस्त को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच का हिस्सा थे। बता दें कि, इस मैच में भारत ने करीब 3 दिन तक फील्डिंग की थी।

सारांश जैन के प्रदर्शन पर होगी नजर

मध्यप्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने वाले ऑफ स्पिनर सारांश जैन का प्रदर्शन श्रीलंका में अधिक प्रभावशाली नहीं था, लेकिन वह अपनी गेंदबाजी से सेंट्रल जोन को सेमीफाइनल में जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचाना चाहेंगे।

बता दें कि, सारांश ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में कुल 55 मैच खेले हैं, जिसकी 86 पारियों में 31.39 की दमदार औसत से 2229 रन बनाए हैं। वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने 99 पारियों में 191 विकेट झटके हैं। वह अपने इस अनुभव का इस्तेमाल सेमीफाइनल मैच में ईस्ट जोन के खिलाफ कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- स्मृति-शेफाली करेंगी पारी की शुरुआत, दीप्ति-रेणुका संभालेंगी गेंदबाजी की कमान, थाईलैंड के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग-11

सेंट्रल जोन को मिली सीधे एंट्री

रजत पाटीदार की कप्तानी वाली सेंट्रल जोन को दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में सीधे एंट्री मिली है। दरअसल, पिछले सीजन सेंट्रल जोन चैंपियन बनी थी और इसके कारण उनको सीधे सेमीफाइनल खेलने का मौका मिल रहा है। वहीं, ईस्ट जोन की कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन संभाल रहे हैं तो उप कप्तान वैभव सूर्यवंशी है।

ईस्ट जोन क्वार्टर-फाइनल में नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रन के बड़े अंतर से हराया था। बता दें कि इस मैच में पूर्वी क्षेत्र के लिए मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, अनुकूल रॉय जैसे धुरंधर खिलाड़ी खेल रहे हैं तो सेंट्रल जोन में कप्तान रजत पाटीदार, उप कप्तान रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, यश ठाकुर, अरशद खान जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- ‘संडेज ऑन साइकिल’ इवेंट में शामिल हुए हेड कोच गौतम गंभीर, युवाओं से की खास अपील, केंद्रीय खेल मंत्री भी मौजूद