India's Probable Playing XI Against Thailand: महिला एशिया कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन भारतीय महिला टीम का पहला मैच रविवार (30 अगस्त) को थाईलैंड महिला टीम के खिलाफ होगा। यह मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 8 बजे से शुरू होगा। टीम की अगुवाई हरमनप्रीत कौर करेंगी तो सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को वाइस कैप्टन बनाया गया है।
क्रिकेट इतिहास में थाईलैंड महिला टीम और भारतीय महिला टीम के बीच कुल 3 मुकाबले खेले हैं और तीनों में भारत ने बाजी मारी है। अब टीम इंडिया थाईलैंड के खिलाफ जीत का चौका लगाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। चलिए आपको बताते हैं कि इस मैच में भारत की प्लेइंग-11 क्या हो सकती है।
शीर्ष तीन में मंधाना-प्रतिका शामिल!
एशिया कप 2026 में थाईलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की शुरुआत उप कप्तान स्मृति मंधाना और आक्रामक बल्लेबाज शेफाली वर्मा कर सकती हैं। दोनों भारत को ओपनिंग मैच में तेज शुरुआत दिलाना चाहेंगी।
मंधाना के पास बड़े इवेंट में खेलने का ढेर सारा अनुभव मौजूद है, जिसका फायदा वह इस मैच में उठाना चाहेंगी तो शेफाली भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना चाहेंगी।
वहीं, नंबर तीन पर दाएं हाथ की बल्लेबाज प्रतिका रावल को बल्लेबाजी के लिए उतारा जा सकता है। प्रतिका ने पिछले कुछ मैचों में भारत के लिए काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
मिडिल ऑर्डर में होगी मजबूती
थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में चौथे नंबर पर कप्तान हरमनप्रीत कौर बल्लेबाजी के लिए उतर सकती हैं। हरमनप्रीत ने ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया था। पांचवें नंबर पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष आ सकती हैं।
ऋचा इस नंबर पर फिनिशर की भूमिका में दिख सकती हैं। छठे नंबर पर ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा आ सकती हैं। बता दें कि, दीप्ति से टीम मैनेजमेंट को गेंद और बल्ले दोनों से विभागों में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
ये भी पढ़े- क्या इस बार पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाएगी टीम इंडिया? हेड कोच ने किया बड़ा खुलासा
रेणुका-क्रांति से होगी उम्मीद
दाएं हाथ की तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर गेंदबाजी की अगुवाई करती नजर आ सकती हैं। रेणुका से नई गेंद से विकेट दिलाने की उम्मीद होगी। वहीं, क्रांति गौड़ श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव भी गेंदबाजी डिपार्टमेंट में शामिल हो सकती हैं। बता दें कि, दुबई की पिच पर अगर भारतीय गेंदबाजों को थोड़ी भी मदद मिलती है तो वह थाईलैंड की टीम को जल्दी समेट सकती है।
भारत की संभावित प्लेइंग-11
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़।