Shadman Islam ankle injury: सिलहट में बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मैच के दूसरे दिन फील्डिंग करते समय बांग्लादेशी ओपनर शादमान इस्लाम चोटिल हो गए और उनको स्ट्रेचर पर मैदान के बाहर लेकर जाना पड़ा।

इस्लाम बॉल को उठाने के लिए जैसे ही स्लाइड लगाते हैं, तभी उनका टखना मुड़ जाता है और वह दर्द से कराह उठते हैं। शुरुआत में लगा कि यह मामूली चोट होगी, लेकिन बाद में स्ट्रेचर की सहायता से उनको बाहर लेकर जाया गया। उनको आगे की जांच के लिए हॉस्पिटल लेकर जाया गया है।

78वें ओवर में मुड़ा टखना

बांग्लादेश के ओपनर शादमान इस्लाम को पहली पारी के 78वें ओवर में चोट लगी, जब आमिर जंगू ने बॉल को फाइन लेग की तरफ खेला, जिसके बाद वह बॉल का पीछा कर रहे थे। बॉल उठाने की कोशिश में वह फिसल गए और उन्हें काफी तकलीफ हो रही थी, इसलिए उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। उनको फिलहाल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है, और MRI रिपोर्ट के बाद उनके खेलने पर कोई फैसला होने की उम्मीद है।

उनको हॉस्पिटल ले जाया गया- इस्लाम

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के फिजियो बायजीउल इस्लाम ने एक बयान में कहा, "उनके बाएं टखने में मोच आ गई और उन्हें MRI स्कैन के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया।" वहीं, टीम मैनेजमेंट के एक सदस्य ने क्रिकबज को बताया,

"देखिए, मुझे लगता है कि उनके लिए टेस्ट मैच में वापसी करना मुश्किल होगा। उम्मीद करते हैं कि सब अच्छा होगा, लेकिन हमें उनके खेलने पर ज्यादा भरोसा नहीं है।"

अगर शादमान इस टेस्ट के शेष दिनों में नहीं खेल पाते हैं तो यह टीम के लिए काफी बड़ा झटका हो सकता है।

वेस्टइंडीज ने बनाए 356 रन

इस मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने आए कैरिबियन टीम की शुरुआत खराब रही। उन्होंने 27 के स्कोर पर अपने तीन शीर्ष विकेट गंवा दिए, लेकिन इसके बाद आमिर जांगू ने 212 गेंदों पर 133 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।

वहीं, केविन विकम ने 145 बॉल में 61 रन बनाए तो जस्टिन ग्रीव्स ने 51 रन की हाफ सेंचुरी बनाई। इसके चलते 106.4 ओवर में 356 रन बनाए। आपको बता दें कि, इस सीरीज में वेस्टइंडीज 1-0 की बढ़त पहले से बनाए हुए हैं।

ये भी पढ़ें- दिल्ली में नहीं होगा भारत वर्सेस श्रीलंका का ओपनिंग वनडे मैच, BCCI ने इस जगह किया शिफ्ट