Rishabh Pant: भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को आने वाले न्यूजीलैंड दौरे से पहले अपना फिटनेस टेस्ट पास करने का एक और मौका दिया गया है। रविवार को पंत ने बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में असेसमेंट टेस्ट दिया था, लेकिन वह इसमें पास नहीं हो सके थे।
लेकिन अब इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज को एक और चांस दिया गया है। पंत को चयनकर्ताओं ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए स्क्वाड में शामिल किया गया है, लेकिन फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही उनको न्यूजीलैंड जाने का मौका मिलेगा।
2 दिन के भीतर होगा एक और टेस्ट
ऋषभ पंत 23 अक्टूबर से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। खबर है कि उन्होंने अपनी रिकवरी के हिस्से के तौर पर बैटिंग और विकेटकीपिंग एक्टिविटीज फिर से शुरू कर दी हैं। वहीं, बीसीसीआई की मेडिकल टीम अगले दो दिनों में एक और फिटनेस असेसमेंट करेगी ताकि यह तय किया जा सके कि पंत न्यूजीलैंड जाने के लिए तैयार हैं या नहीं।
आने वाले मैचों में उनका हिस्सा लेना फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगा। आपको बता दें कि, पंत अक्टूबर की शुरुआत में ईरानी कप के दौरान चोटिल हो गए थे। उन्हें साइड स्ट्रेन हुआ था, जिसके बाद से वह अपनी फिटनेस वापस हासिल करने में लगे हुए हैं।
इंडिया ए में खेलने की उम्मीद
ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर ऋषभ पंत को फिट घोषित किया जाता है, तो पंत के न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे चार-दिवसीय मैच के लिए इंडिया ए स्क्वॉड में शामिल होने की संभावना है, जो 7 नवंबर को लिंकन में शुरू होने वाला है।
यह मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ दो-टेस्ट सीरीज से पहले तैयारी के तौर पर काम करेगा, जिसका पहला टेस्ट 19 नवंबर को वेलिंगटन में शुरू होगा। अगर पंत इस सीरीज से पहले पूरी तरह से फिटनेस हासिल नहीं कर पाते हैं तो फिर उनके स्थान पर अन्य विकेटकीपर बल्लेबाज को शामिल किया जा सकता है।
ईशान किशन को मिल सकती है जगह
आगामी टेस्ट सीरीज के लिए अगर ऋषभ पंत अपनी फिटनेस को हासिल नहीं कर पाते हैं तो फिर उनकी जगह ईशान किशन को स्क्वाड में शामिल किया जा सकता है। दरअसल, ईशान इस समय न्यूजीलैंड में ही हैं और न्यूजीलैंड और वनडे स्क्वाड का भी हिस्सा हैं। ऐसे में अगर पंत पूर्ण रूप से से फिट नहीं हो पाते हैं तो चयनकर्ता उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर ईशान को मौका दे सकते हैं।
आपको बता दें कि, ईशान का हालिया फॉर्म कमाल का रहा है और उन्होंने फर्स्ट क्लास मैचों में भी अच्छा किया है। ऐसे में ईशान पंत के बाद गंभीर की पहली पसंद बन सकते हैं। ईशान के अलावा कुमार कुशाग्र भी बैकअप विकेटकीपर की लिस्ट में शामिल हैं।