Adelaide Strikers: पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को बिग बैश लीग के 16वें संस्करण के लिए एडिलेड स्ट्राइकर्स ने साइन किया है। इससे पहले रऊफ मेलबर्न स्टार्स के लिए पांच सीजन खेल चुके हैं, लेकिन अब नए सीजन में नई फ्रेंचाइजी के लिए गेंदबाजी करते दिखेंगे।

रऊफ इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी बेन स्टोक्स और न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन के साथ पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध विदेशी खिलाड़ियों में शामिल हैं। स्ट्राइकर्स को उम्मीद होगी कि पाकिस्तान का यह तेज गेंदबाज अपने अनुभव और काबिलियत का इस्तेमाल करके अहम मौकों पर टीम को ब्रेकथ्रू दिलाएगा, क्योंकि वे टाइटल चैलेंज के लिए तैयार हैं।

2019-20 में शुरू किया था सफर

हारिस रऊफ ने अपने बिग बैश लीग का सफर साल 2019-20 में मेलबर्न स्टार्स के किया था। उनको साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन के चोटिल होने के चलते लाया गया था। रऊफ ने इस अवसर का पूरा फायदा उठाया और उस सीजन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर सिडनी थंडर के खिलाफ हैट्रिक सहित 20 विकेट लेकर खत्म किया।

 उनके परफॉर्मेंस की वजह से उन्हें टीम ऑफ द टूर्नामेंट में जगह मिली, यह सम्मान उन्हें बीबीएल 14 में फिर से मिला, जब उन्होंने 18 विकेट लिए और प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी के तौर पर गोल्डन आर्म अवॉर्ड जीता।

टिम पेन ने किया हारिस का स्वागत

पाकिस्तानी तेज गेंदबाज आने का स्टाइकर्स के कोच टिम पेन ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा, "हारिस एक साबित मैच-विनर हैं जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट और दुनिया भर के फ्रेंचाइजी प्रतियोगिता में सबसे ऊंचे लेवल पर परफॉर्म किया है। स्ट्राइकर्स के फैंस उन्हें एडिलेड ओवल में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए देखना पसंद करेंगे। वह वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे तेज बॉलर्स में से एक हैं और उनमें एक पल में गेम बदलने की काबिलियत है।’’

हारिस पहली बार बीबीएल में किसी दूसरी फ्रेंचाइजी की जर्सी पहनकर खेलते दिखेंगे। हारिस ने इस लीग में खेले 33 मैचों में 56 विकेट लिए हैं। इसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/27 रन है।

मैं इंतजार नहीं कर सकता- रऊफ

इस स्टार तेज गेंदबाज ने नई फ्रेंचाइजी से जुड़ने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा, "मैं एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ शुरुआत करने का इंतजार नहीं कर सकता। एडिलेड ओवल दुनिया के बेहतरीन क्रिकेट वेन्यू में से एक है और मुझे हमेशा वहां खेलने में मजा आया है। स्ट्राइकर्स के पास बेन स्टोक्स, मैट शॉर्ट और मार्क चैपमैन जैसे वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ियों के साथ एक मजबूत टीम है, इसलिए मैं उनके साथ खेलने के मौके को लेकर बहुत उत्साहित हूं।"

एडिलेड स्ट्राइकर्स की टीम काफी लंबे समय से अपने दूसरे खिताब का इंतजार कर रही है। इस फ्रेंचाइजी ने आखिरी टाइटल 2017-18 सीजन में जीता था और इसके बाद से खिताब का सूखा पड़ा हुआ है।

ये भी पढ़ें- टीम इंडिया में वापसी की आखिरी उम्मीद! ऋषभ पंत को मिला फिटनेस टेस्ट पास करने का एक और चांस