Rajasthan News: राजस्थान के झुंझुनूं में करंट लगने से हुए दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) इंडिया की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में इस फैसले की जानकारी दी गई। पीएम मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

सीएम भजनलाल शर्मा ने भी जताया दुख
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी झुंझुनूं में करंट लगने से श्रमिकों की मौत की घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

हादसे की जांच के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को हादसे के कारणों की जांच करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाए। सीएम ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

बता दें कि झुंझुनू जिले में छापोली के पास सड़क निर्माण के दौरान हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से मिक्सर मशीन में करंट उतर गया, जिससे 8 मजदूरों की मौत हो गई और 4 गंभीर रूप से घायल हो गए। 

और पढे़ं: India-Pakistan के बीच शुरू हो सकता है परमाणु युद्ध! Tucker Carlson के ट्वीट से हलचल तेज, पढ़े रिपोर्ट