Malayalam Bigg Boss 8: रियलिटी शो बिग बॉस मलयालम 8 में इन दिनों नेहा फातिमा और संतोष राज उर्फ ताशी की लव स्टोरी चर्चा का विषय बनी हुई है। 20 साल की नेहा ने नेशनल टेलीविजन पर अपने से उम्र में बड़े ताशी को 150 कैमरों के सामने प्रपोज किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर उनके माता-पिता इस रिश्ते के लिए राजी हुए, तो वह इसे आगे बढ़ाना चाहेंगी। हालांकि, अब इस रिश्ते पर उनके परिवार ने नाराजगी जाहिर की है।
नेहा के पेरेंट्स ने शो में आकर जताई नाराजगी
वीकेंड का वार एपिसोड में होस्ट मोहनलाल ने नेहा को बताया कि उनके माता-पिता उनसे मिलने आए हैं। स्क्रीन पर परिवार को देखकर नेहा भावुक हो गईं। इस दौरान उनकी मां ने बेटी और ताशी के रिश्ते पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नेहा शो में अपने गेम पर ध्यान देने के बजाय भावनाओं में बह रही हैं।
वहीं, नेहा के पिता ने भी उनसे पूछा कि क्या उन्हें अपना परिवार याद है। माता-पिता का मानना था कि घर के दूसरे कंटेस्टेंट गेम पर फोकस कर रहे हैं, जबकि नेहा अपनी भावनाओं में उलझी हुई हैं। उन्होंने बेटी से शो छोड़कर घर लौटने की अपील भी की। यह बातचीत देखकर नेहा रोने लगीं।
मोहनलाल हुए सोशल मीडिया पर ट्रोल
इस पूरे मामले में शो के होस्ट मोहनलाल भी सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए हैं। उन्होंने नेहा के माता-पिता की भावनाओं को समझते हुए कहा कि वह खुद भी एक पेरेंट हैं और उनकी परेशानी समझ सकते हैं। हालांकि, कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि मोहनलाल ने माता-पिता की मांग का समर्थन क्यों किया। कुछ लोगों ने शो के नियमों और कंटेस्टेंट की निजी पसंद को लेकर भी सवाल किए।
लव स्टोरी को मिला धार्मिक एंगल
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने नेहा और ताशी के रिश्ते को हिंदू-मुस्लिम एंगल से जोड़ दिया है। लोगों का दावा है कि नेहा के माता-पिता को उनका दूसरे धर्म के लड़के के करीब आना पसंद नहीं है। हालांकि, इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले ताशी और वेदांगी की फ्लर्टिंग को लेकर भी नेहा नाराज हो गई थीं। बाद में ताशी ने साफ किया था कि वेदांगी के लिए उनके मन में रोमांटिक भावनाएं नहीं हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नेहा शो छोड़ेंगी या बिग बॉस के घर में बनी रहेंगी। अब सभी की नजरें उनके अगले फैसले पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: 'आप भारतीय नागरिक नहीं हैं!' एक्टर इमरान खान को बॉम्बे हाईकोर्ट की कड़ी फटकार