Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को नाले के निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सड़क निर्माण विभाग (RCD) की ओर से नाले की खुदाई के दौरान JCB मशीन से भूमिगत PNG गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद गैस का रिसाव हुआ और आग लगने के साथ जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

JCB से खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई गैस पाइपलाइन
मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इलाके में सड़क निर्माण विभाग की ओर से नाले का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान JCB मशीन से खुदाई करते समय जमीन के नीचे बिछी PNG पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन से गैस का रिसाव होने के बाद आग लग गई और विस्फोट हो गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई और छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर है, जबकि पांच अन्य खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।

 

दोपहर 12:15 बजे के आसपास हुआ धमाका
एसएसपी कांतिश कुमार मिश्रा के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 12:10 से 12:15 बजे के बीच हुआ। विस्फोट की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

SDRF और इंडियन ऑयल की टीम से मांगी मदद
प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस ने तकनीकी रूप से संवेदनशील गैस पाइपलाइन हादसे को देखते हुए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और इंडियन ऑयल के विशेषज्ञों से संपर्क किया है। मौके पर स्थानीय पुलिस की टीम यातायात व्यवस्था और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी है। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।

प्रशासन का कहना है कि पाइपलाइन में गैस रिसाव और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

और पढ़ें: राजस्थान के झुंझुनूं हादसे में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये देगी केंद्र सरकार, घायलों को भी मिलेगी आर्थिक मदद