India-Pakistan Handshake: रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशिया कप 2026 की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले से करेगी। यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 8 बजे शुरू होगा। थाईलैंड के बाद टीम इंडिया की भिड़ंत हांगकांग, चीन महिला टीम से होगी और फिर 5 सितंबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से दो-दो हाथ करेगी।
हालांकि, थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार से पत्रकार वार्ता में पाकिस्तान के खिलाफ हैंडशेक प्रोटोकॉल के बारे में सवाल किया गया। बता दें कि, भारतीय टीम साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलती है और न ही उनके बात करती है।
क्या इस बार मिलाया जाएगा हाथ?
ऑपरेशन सिंदूर को हुए एक साल से अधिक का समय बीत गया है, लेकिन इंडिया और पाकिस्तान के रिश्ते अभी भी वैसे ही बने हुए हैं। 22 अप्रैल 2025 को पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने पहलगाम में निर्दोष लोगों और पर्यटकों को निशाना बनाया था, जिसमें 26 नागरिकों की मौत हो गई थी।
इसके बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने या फिर बातचीत करना बंद कर दिया था। हालांकि, जब अमोल मजूमदार से सवाल किया गया कि क्या इस बार भारतीय महिला टीम और पाकिस्तान महिला टीम हाथ मिलाएंगी तो इसपर उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया और सवाल को नजरअंदाज कर दिया।
हमारा ध्यान मैच पर है- हेड कोच
इसके बाद भारतीय महिला टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने कहा, 'हम मैदान पर और मैदान के बाहर की चीजों पर ध्यान नहीं देते। हम उस दिन (पाकिस्तान के खिलाफ मैच) अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलेंगे। जब हम पाकिस्तान के खिलाफ वह मुकाबला खेलेंगे, तब इस बारे (हैंडशेक) में बात करेंगे।
फिलहाल हमारा ध्यान कल के मैच (थाईलैंड, 30 अगस्त) पर है। हम एक समय में एक ही मैच पर ध्यान दे रहे हैं।' अमोल मजूमदार के इस बयान के बाद कयास लगने शुरू हो चुके हैं कि भारत अपनी रणनीति पर कायम रहेगा और पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना या उनकी टीम से हाथ नहीं मिलाया जाएगा।
नो हैंडशेक पॉलिसी कायम!
महिला एशिया कप 2026 के मुकाबले में भी भारत-पाकिस्तान के बीच नो हैंडशेक पॉलिसी देखने को मिल सकती है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले जब भारतीय महिला टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने भी कुछ स्पष्ट नहीं बताया। बता दें कि, ऑपरेशन सिंदूर के बाद से खेले गए सभी मैचों (पुरुष और महिला क्रिकेट टीम) में कप्तानों ने पाकिस्तानी कप्तानों से टॉस के समय हाथ नहीं मिला था।
इसके अलावा मैच खत्म होने के बाद भी भारतीय खिलाड़ी बिना पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाए वापस ड्रेसिंग रूम लौट जाते थे। वहीं, इसकी शुरुआत भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप 2025 में की थी, जब टॉस के समय उन्होंने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हैंडशेक नहीं किया था तो मैच जीतने के बाद भारतीय टीम ने भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था।
ये भी पढ़ें- रविचंद्रन अश्विन ने चुना भारत का महानतम क्रिकेटर, रोहित-विराट को किया इग्नोर, फाइनल में हुई इनकी टक्कर