MS Dhoni Captaincy Controversy: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 में धूम-धड़ाका करने के लिए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पूरी तरह से तैयार हैं। पिछले सीजन धोनी चोट की वजह से एक भी मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन आईपीएल 2027 में उनके खेलने की पूरी संभावनाएं हैं।
हालांकि, इसी बीच सीएसके के पूर्व खिलाड़ी ने चौंकाने वाला बयान दिया है और कप्तानी से हटाने वाले फैसले को चौंकाने वाला बताया। पूर्व प्लेयर का यह भी कहना है कि टीम मैनेजमेंट के इस फैसले से पूरी टीम हैरान थी।
CSK के पूर्व खिलाड़ी ने मचाई सनसनी
चेन्नई सुपर किंग्स पर साल 2016 और 2017 में प्रतिबंध लगा दिया गया था और इस सीजन राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स की एंट्री हुई थी। जायंट्स के पहले सीजन में कप्तानी धोनी कर रहे थे लेकिन साल 2017 में उनको अचानक हटा दिया गया और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
अब इसपर फाफ डू प्लेसिस ने 'क्रिकेटर्स ऑन क्रिकेटर्स' पर धोनी को कप्तानी से हटाए जाने की इनसाइड स्टोरी बताई है। फाफ ने कहा कि धोनी को कप्तानी से हटाने का फैसला टीम मालिक का था।
गोयनका ने धोनी को हटाया!
साल 2016 में राइजिंग पुणे जायंट्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और टीम ने 14 में सिर्फ 5 मैच जीते तो 9 में शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इस सीजन टीम अंक तालिका में 7वें स्थान पर रही थी। इसके बाद अगले सीजन के लिए स्टीव स्मिथ को टीम का कप्तान बनाया गया।
फाफ ने कहा कि 2016 के बाद टीम के ऑनर (संजीव गोयनका) ने कप्तान बदलने का निर्णय लिया था। इसके पीछे का कारण था कि टीम शुरुआती कुछ मैच हार गई थी, लेकिन धोनी को कप्तानी से हटाने का फैसला काफी चौंकाने वाला था।
2017 में खेला था फाइनल
महेंद्र सिंह धोनी को कप्तानी से हटाए जाने के बाद स्टीव स्मिथ ने मोर्चा संभाला और टीम को फाइनल तक पहुंचाया। टीम ने इस सीजन 14 में 9 मैच जीते थे और अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रही। इसके बाद पहले क्वालीफायर मैच में टीम का सामना मुंबई इंडियंस से हुआ और ये मैच उन्होंने 20 रन से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
हालांकि, इसके बाद खिताबी मैच में आरपीएस और एमआई का एक बार फिर आमना-सामना हुआ, लेकिन इस बार एमआई ने 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा किया। वहीं, इसके अगले साल यानी 2018 में फिर एक बार चेन्नई की वापसी हुई और धोनी की कप्तानी में येलो आर्मी ने चौथा खिताब जीता था।
ये भी पढ़ें- IPL 2027: धोनी की CSK से कटेगा 3 खिलाड़ियों का पत्ता! नई टीम तलाशेंगे ये स्टार्स