Delhi vs Hyderabad: गुरुवार को पुणे के गहुंजे में एमसीए ग्राउंड 2 पर सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में हैदराबाद और दिल्ली के बीच सुपरहिट मुकाबला खेला गया था। इस मैच में दिल्ली के बल्लेबाजों ने तूफानी बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 262 रन का रिकॉर्ड टोटल बनाकर महिला घरेलू क्रिकेट में इतिहास रच दिया।

यह महिला घरेलू टी20 क्रिकेट में अब सबसे बड़ा इनिंग स्कोर है। इससे पहले 2019-20 सीजन में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ गोवा ने 2 विकेट पर 257 रन बनाए थे, लेकिन अब यह कीर्तिमान दिल्ली के नाम दर्ज हो गया है।

तनीषा ने खेली 119 रन की पारी

दिल्ली की स्टार सलामी बल्लेबाज तनीषा सिंह ने सिर्फ 47 गेंदों पर 119 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। 23 साल की तनीषा सिंह ने केवल 38 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जिससे यह महिला टी20 क्रिकेट में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक बन गया। खास बात यह है कि तनीषा सिंह हाल ही में विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के लिए हुए ऑक्शन में अनसोल्ड रहीं।

इनसे पहले किरण नवगिरे ने 34 गेंदों में शतक बनाया तो सोफी डिवाइन ने 36 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया। तनीषा ने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वेस्टइंडीज की बैटर डिएंड्रा डॉटिन के 38 गेंदों में बनाए गए शतक की भी बराबरी की।

तनीषा-प्रिया ने की शतकीय साझेदारी

इस मैच में दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम की ओपनर वंशिका लीला जल्दी पवेलियन लौट गई थीं, लेकिन तनीषा को भारतीय टीम की प्रिया पुनिया के रूप में एक अच्छी जोड़ीदार मिल गई। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 66 गेंदों पर 160 रन जोड़े, जिससे दिल्ली के रिकॉर्ड तोड़ने वाले टोटल का बेस तैयार हुआ।

पुनिया ने 28 गेंदों पर 59 रन बनाए। वहीं, श्वेता सेहरावत ने 8 गेंदों पर 26 रन रन ठोके, जिसकी बदौलत दिल्ली पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 262 के विशालकाय स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

हैदराबाद को मिली शर्मनाक हार

दिल्ली द्वारा दिए गे 263 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी हैदराबाद 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर सिर्फ 154 रन ही बना सकी और दिल्ली से यह मुकाबला 108 रन से हार गई। हालांकि, इस मैच में हैदराबाद की ओर से ओपनर त्रिशा 52 बॉल पर 80 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। आपको बता दें कि, यह प्रतियोगिता 26 अक्टूबर को शुरू हुआ था और 20 नवंबर तक चलेगा।

ये भी पढ़ें- कीरोन पोलार्ड के हेड कोच बनते ही MI में आया भूचाल! लसिथ मलिंगा समेत 3 सदस्यों की छुट्टी