Hardik Pandya Trade:  मुंबई इंडियंस के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को लेकर पिछले कुछ महीनों से अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि हार्दिक चेन्नई सुपर किंग्स में जा सकते हैं तो कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि हार्दिक कोलकाता नाइट राइडर्स या फिर राजस्थान रॉयल का हिस्सा बन सकते हैं। लेकिन इसी बीच पंजाब किंग्स भी हार्दिक को लेने की दौड़ में शामिल हो चुकी है और इसके बदले वह अपने अनुभवी गेंदबाज को देने तक तैयार है।

PBKS और MI के बीच डील पक्की!

पिछले कुछ समय से मुंबई और कोलकाता के बीच ट्रेड की खबरें आ रही थीं लेकिन खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर बात फंस रही थी। अब इसी बीच पंजाब किंग्स की दौड़ में वाइल्ड कार्ड एंट्री हुई है और यहां तक कहा जा रहा है कि एमआई और पंजाब के बीच डील फाइनल हो चुकी है और इसका आधिकारिक ऐलान कुछ ही दिनों में कर दिया जाएगा। द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक के बदले पंजाब किंग्स अपने दो खिलाड़ियों को दे रही है, जिसमें एक उनके स्क्वाड का प्रमुख प्लेयर है।

पंड्या के बदले आएंगे दो प्लेयर

द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पंड्या के बदले पंजाब किंग्स अपने अनुभवी तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और विकेटकीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद को देने को तैयार है और एमआई ने भी इसपर सहमति जता दी है। वहीं, इस डील के बाद पंजाब और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच भी एक डील हो सकती है।

दरअसल, पीबीकेएल अर्शदीप की कमी को पूरा करने के लिए एलएसजी के साथ मार्कस स्टोइनिस के बदले मोहसिन खान को ट्रेड कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह दोनों ही फ्रेंचाइजियों के लिए फायदे का सौदा होगा, क्योंकि एलएसजी के पास पहले से अर्जुन तेंदुलकर के रूप में एक लेफ्ट आर्म पेसर मौजूद है।

2024 में आए थे मुंबई

हार्दिक पंड्या ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस से की थी, लेकिन साल 2022 और 2023 में उन्होंने गुजरात टाइटंस की कप्तानी की और इस दौरान टीम को एक खिताब भी जिताया। इस प्रदर्शन के बाद मुंबई ने कैश डील के साथ अपने अनुभवी ऑलराउंडर को वापस बुलाया और टीम की कप्तानी सौंप दी।

यह फैसला उस समय काफी चौंकाने वाला था, क्योंकि पंड्या ने रोहित शर्मा को कप्तानी में रिप्लेस किया था, जिसकी कप्तानी में एमआई ने पांच खिताब जीते थे।

हालांकि, पंड्या के आने के बाद 2024 में टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंची तो 2025 में दूसरे क्वालीफायर तक पहुंची। इसके बाद 2026 में एक बार फिर प्लेऑफ में प्रवेश करने से चूक गई। यही कारण था कि एमआई अब हार्दिक से अपनी राहें अलग करना चाहती हैं।

ये भी पढ़ें- अब मैदान पर नहीं दिखेगा ग्लेन मैक्सवेल का स्विच हिट! इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास