Glenn Maxwell Retirement: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने सोमवार देर रात इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। 38 वर्षींय ग्लेन मैक्सवेल को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच टी20आई मैचों की सीरीज के लिए स्क्वाड में शामिल नहीं किया था, जिसके बाद उन्होंने अचानक अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया। हालांकि, मैक्सवेल बिग बैश लीग में खेलना जारी रखेंगे। इससे पहले मैक्सवेल ने पिछले साल जून में वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

पॉडकास्ट पर की संन्यास की घोषणा

ग्लेन मैक्सवेल ने फाइनल वर्ल्ड पॉडकास्ट पर अपने रिटायरमेंट की घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘’इंटरनेशनल क्रिकेट और विक्टोरिया के लिए घरेलू लिस्ट-ए ओवर और प्रथम श्रेणी क्रिकेट से रिटायरमेंट लेना थोड़ा दुखद है। लेकिन यह पहले से ही तय था और शायद फैंस को लाल गेंद से रिटायरमेंट लेना हैरान नहीं करेगी।’’

आपको बता दें कि, मैक्सवेल ने अपना आखिरी लिस्ट ए मैच 12 अक्टूबर 2026 को साउथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था तो 10 जुलाई 2023 के बाद से उन्होंने प्रथम श्रेणी मैच में अपनी मौजूदगी दर्ज नहीं करवाई थी।

अफगानिस्तान के खिलाफ खेली थी शानदार पारी

जब भी वनडे क्रिकेट इतिहास की सबसे बेहतरीन पारियों के बात होगी तो उसमें ग्लेन मैक्सवेल की 201 रन की पारी को जरूर शामिल किया जाएगा। इस स्टार बल्लेबाज ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप 2023 में 292 रन का पीछा करते हुए अकेले 201 रन ठोक दिए थे।

इस मैच में कंगारुओं ने एक समय 91 पर अपने 7 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन यहां से ग्लेन ने असंभव कार्य को संभव कर दिखाया। मैक्सवेल की इस जुझारू पारी में 21 चौके और 10 छक्के शामिल थे और वह अंत तक नाबाद रहे थे।

ऐसा रहा था इंटरनेशनल करियर

अगर ग्लेन मैक्सवेल का इंटरनेशनल करियर देखें तो वह कमाल का रहा है। मैक्सवेल ने अपने देश के लिए 149 एकदिवसीय मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 126.70 के स्ट्राइक रेट से 3990 रन बनाए थे। इसमें 4 शतक और 23 अर्धशतक शामिल थे। वहीं, इस प्रारूप में मैक्सवेल के नाम 77 विकेट भी दर्ज हैं।

इसके अलावा 130 टी20 इंटरनेशनल में 154.42 के स्ट्राइक रेट से मैक्सवेल ने 2897 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक और 12 अर्धशतक शामिल है तो गेंद से 51 शिकार किए हैं। इसके अलावा 7 टेस्ट की 14 पारियों में 339 रन बनाने के साथ ही, 8 विकेट भी चटकाए हैं।

ये भी पढ़ें- तिलक वर्मा कप्तान, रजत पाटीदार उपकप्तान, BCCI ने मेंस राइजिंग स्टार एशिया कप के लिए चुनी टीम इंडिया