Shubman Gill 3 mistakes in Colombo Test: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला गया था जो कि ड्रॉ पर समाप्त हुआ। श्रीलंकाई मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सोनल दिनुषा ने दूसरी पारी में नाबाद 133 रन बनाए थे और पांचवें दिन केवल चार बल्लेबाजों के साथ मैच को ड्रॉ पर खत्म करने में कामयाब रहे।

भारतीय टीम के लिए यह ड्रॉ किसी हार से कम नहीं था, क्योंकि पांचवें दिन उनको केवल 4 बल्लेबाजों को आउट करना था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके। इस ड्रॉ में भारतीय कप्तान शुभमन गिल के कई ऐसे फैसले भी रहे, जो कि चौंकाने वाले थे।

खराब फील्डिंग प्लेसमेंट

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल के द्वारा मैच के निर्णायक दिन फील्ड प्लेसमेंट में काफी गलतियां देखने को मिली। जब पुच्छले बल्लेबाज बैटिंग कर रहे थे तो उनके ईर्ध-गिर्ध अधिक फील्डर्स नजर नहीं आए। ऐसे में जब बल्ले का बाहरी किनारा लगकर गेंद शॉर्ट लेग या फिर सिली पॉइंट की ओर जा रही थी तो वहां पर कोई भी क्षेत्ररक्षक तैनात नहीं था। अगर कप्तान ने वहां पर फील्डर्स को लगाया होता तो यकीनन श्रीलंका पारी टी तक समाप्त हो सकती थी।

मोहम्मद सिराज का गलत इस्तेमाल

कप्तान शुभमन गिल का सबसे चौंकाने वाला फैसला उस वक्त देखने को मिला था, जब उन्होंने मोहम्मद सिराज को केवल एक ओवर डलवाने के बाद गेंदबाजी से हटा दिया था।

सिराज जब पांचवें दिन अपना पहला ओवर डालने आए थे तो उन्होंने श्रीलंकाई बल्लेबाज केशरा नुवांथा को परेशान किया था, लेकिन अंतिम दो गेंदों पर दो चौके लगने के बाद उन्होंने सिराज को गेंदबाजी आक्रमण से हटा दिया। अगर सिराज को 3 से 4 ओवर का स्पेल कप्तान शुभमन ने दिया होता तो वह शायद एक या दो विकेट निकालकर दे सकते थे।

ये भी पढ़ें- IND vs SL 2nd Test highlights: श्रीलंका ने किया कमबैक, भारत से छीनी जीत, सोनल दिनुषा रहे हीरो

मानव सुथार पर अधिक भरोसा

दूसरा टेस्ट ड्रॉ होने के बाद कप्तान शुभमन गिल मानव सुथार की खूब तारीफ करते नजर आए थे और उनकी तारीफ लाजमी बनती भी है, क्योंकि दूसरे टेस्ट की पहली और दूसरी पारी में उन्होंने 3-3 विकेट लिए थे। हालांकि, उन्होंने अन्य गेंदबाजों के मुकाबले अधिक ओवर भी डाले थे।

दूसरी इनिंग में सुथार ने 41 ओवर डाले तो जडेजा ने 38.3 और सारांश जैन ने 37 ओवर की गेंदबाजी की थी। वहीं, फास्ट बॉलिंग में मोहम्मद सिराज ने सिर्फ 15 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 18.3 ओवर डाले थे। यह बताता है कि कप्तान शुभमन को मानव पर कितना भरोसा है।

ये भी पढ़ें- श्रीलंका टेस्ट सीरीज हुई समाप्त, अब न्यूजीलैंड से भिड़ेगी टीम इंडिया, हो गया शेड्यूल का ऐलान