Hong kong Sixes Tournament: भारतीय टीम स्टार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार आगामी हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज 2026 प्रतियोगिता में, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के स्टार्स से सजी टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 30 अक्टूबर से होगी और 1 नवंबर तक खेला जाएगा।

यह तेज सिक्स-ए-साइड फॉर्मेट में खेलेंगे। भुवनेश्नर के अलावा इस टीम में IPL में अच्छा प्रदर्शन करने वाले क्रुणाल पांड्या, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी. नटराजन भी होंगे।

वहीं, शशांक सिंह के अलावा अन्य सभी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है। इस टीम में इंटरनेशनल अनुभव, जबरदस्त बैटिंग, ऑल-राउंड काबिलियत और स्पेशलिस्ट बॉलिंग का मिक्स है।

सिर्फ 6 खिलाड़ी होंगे टीम में शामिल

यह टूर्नामेंट क्रिकेट के सबसे तेज और सबसे मजेदार फॉर्मेट में से एक है। 2026 एडिशन JSW स्पोर्ट्स के कमर्शियल पार्टनर के तौर पर पहला एडिशन भी है, जो भारत और दुनिया भर की लीग और फ्रैचाइजी में अपना अनुभव लाएगा।

मैदान पर सिर्फ छह खिलाड़ियों के साथ, हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज एक ऐसा फॉर्मेट है जहां जमने की अधिक गुंजाइश नहीं होती। मैच तेज, हाई-स्कोरिंग और अटैकिंग क्रिकेट के आस-पास बने होते हैं, जिसमें बैट्समैन को बॉलिंग पर अटैक करने के लिए बढ़ावा दिया जाता है और हर खिलाड़ी को अलग-अलग डिसिप्लिन में योगदान देना होता है।

भुवी के पास इंटरनेशनल अनुभव

भुवनेश्वर कुमार टीम में सबसे अधिक अनुभव वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने कई वर्षो तक टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया है। साथ ही आईपीएल 2025 और 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चैंपियन बनाने में इस गेंदबाज का बहुमूल्य योगदान रहा था।

यही वजह है कि भुवी को न सिर्फ टीम में शामिल किया गया है, बल्कि टीम इंडिया का नेतृत्व भी सौंपा गया है। भुवी नई गेंद से काफी असरदार साबित होते हैं और विपक्षी टीम को शुरुआती झटके देने में अहम किरदार निभाते हैं। यही वजह है कि उनको दल का नेतृत्वकर्ता नियुक्त किया गया है।

इन खिलाड़ियों पर भी रहेगी नजरें

भुवनेश्वर कुमार के अलावा टीम में क्रुणाल पांड्या एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं, जो टीम में वर्सेटाइलनेस लेकर आते हैं। नीतीश राणा टॉप ऑर्डर में अग्रेसिव स्ट्रोक प्ले और अनुभव जोड़ते हैं, जबकि शशांक सिंह और राहुल तेवतिया फिनिशिंग काबिलियत लेकर आते हैं।

राहुल त्रिपाठी अटैकिंग इंटेंट देते हैं, जबकि टी. नटराजन एक स्पेशलिस्ट लेफ्ट-आर्म पेस ऑप्शन देते हैं। हांन्ग-कॉन्ग में खेली जाने वाली इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम काफी मजबूत है और खिताब जीतने की प्रबल दावेदारों की सूची में शीर्ष पर है।

आठ देश लेते हैं हिस्सा

हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज के पिछले संस्करण में पाकिस्तान ने जीता था। उन्होंने पिछले साल डेब्यू कर रहे कुवैत को हराकर रिकॉर्ड छठा टाइटल जीता था। 2026 टूर्नामेंट में आठ बड़े क्रिकेट खेलने वाले देश चार एसोसिएट मेंबर्स के साथ शामिल होंगे, जो टिन क्वॉन्ग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड पर तीन दिनों के तेज-तर्रार, अटैकिंग क्रिकेट के लिए मंच तैयार करेगा।

टीम इंडिया का स्क्वाड

भुवनेश्वर कुमार (कप्तान)  रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, क्रुणाल पंड्या ( रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु), शशांक सिंह (पंजाब किंग्स) राहुल तेवतिया (गुजरात टाइटंस), नीतीश राणा (दिल्ली कैपिटल्स), राहुल त्रिपाठी (कोलकाता नाइट राइडर्स), टी. नटराजन (दिल्ली कैपिटल्स)।

ये भी पढ़ें- क्या अभिषेक शर्मा- हार्दिक पंड्या के बीच होगा IPL इतिहास का सबसे बड़ा ट्रेड? टीम बदलने के मूड में दोनों खिलाड़ी