Yuzvendra Chahal: भारतीय टीम से बाहर चल रहे लेग स्पिनर युजव्रेंद चहल ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। चहल इस उपलब्धि को हासिल करने वाले भारत के पहले गेंदबाज बने। बुधवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में तमिलनाडु के खिलाफ चहल ने हरियाणा की ओर से खेलते हुए यह कीर्तिमान स्थापित किया। चहल आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के बाद से दोबारा टीम इंडिया में स्थान नहीं बना सके हैं, लेकिन उन्होंने वापसी की उम्मीदों को मिटने नहीं दिया है।

चहल ने छुई ऐतिहासिक उपलब्धि

दाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज युजवेंद्र चहल टी20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने तमिलनाडु बनाम हरियाणा के बीच खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में यह कीर्तिमान स्थापित किया।

इस मैच में चहल ने चार ओवर में 16 रन देकर 3 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया और विरोधियों को 19.5 ओवर में 124 रन पर समेट में अहम भूमिका निभाई। मैच से पूर्व 36 साल के लेग स्पिनर को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी, जो उन्होंने अमित सात्विक की गिल्लियां बिखेरकर हासिल की। 

भुवी-बुमराह को छोड़ा पीछे

इस प्रदर्शन के साथ युजवेंद्र चहल अब भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह से विकेटों के मामले में काफी आगे निकल गए हैं। भुवी ने अपनी स्विंग से टी20 प्रारूप में 366 विकेट हासिल किए हैं और इस लिस्ट में वह दूसरे स्थान पर खिसक गए।

वहीं, भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस 354 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं। इसके अलावा भारतीय टीम के पूर्व लेग स्पिनर पीयूष चावला 329 के साथ चौथे और रविचंद्रन अश्विन 323 विकेटों के साथ पांचवें नंबर पर हैं।

346 मैचों में 402 विकेट पूरे

भले ही चहल को इंडियन टीम में खेलने का मौका नहीं मिल रहा है, लेकिन घरेलू टूर्नामेंट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। चहल ने अब तक अपने टी20 करियर में 346 मैच खेले हैं, जिसकी 340 पारियों में 23.68 की औसत से 402 विकेट निकाले हैं।

जबकि इस स्टार स्पिनर का इकॉनमी रेट 7.77 का रहा है, जो इस फॉर्मेट में काफी शानदार माना जाता है। वहीं, आईपीएल में इस स्टार स्पिनर ने 233 विकेट लिए हैं तो भारत के लिए खेले 80 टी20आई की 79 पारियों में 96 बैटर्स को पवेलियन भेजा है।

ये भी पढ़ें- ‘मोहम्मद सिराज कहां थे…’ सिराज को प्लेइंग-11 से बाहर करना पड़ा भारी! रवि शास्त्री का फूटा गुस्सा, टीम सेलेक्शन पर उठाए सवाल