Kanpur News: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भगवान राम और कृष्ण हमारे आराध्य हैं और हमेशा रहेंगे। उन्हें चुनावी मुद्दा बनाने के बजाय आस्था के रूप में देखा जाना चाहिए। कानपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के लिए भगवान श्रीराम का मंदिर बनना आवश्यक था। वहीं, भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर पहले से बना हुआ है और सरकार ने काफी समय पहले ही उसके विकास का निर्णय लिया था।
अपर्णा यादव ने कहा, "यह कोई मुद्दा नहीं, बल्कि हमारी आस्था का विषय है। भगवान राम और कृष्ण हमारे आराध्य हैं। मैं सभी से अपील करती हूं कि इसे चुनावी मुद्दा न बनाएं।" बीजेपी के चुनावी नारों और पोस्टरों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान आम जनता में उत्साह पैदा करने के लिए नारे लगाए जाते हैं।
अखिलेश यादव मथुरा आने का न्योता स्वीकार करें
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की ओर से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मथुरा आने का निमंत्रण दिए जाने पर भी अपर्णा यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे अच्छी पहल बताते हुए कहा कि सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने और धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए इस तरह के निमंत्रण दिए जाते हैं। जिन्हें आमंत्रित किया गया है, उन्हें खुशी-खुशी यह निमंत्रण स्वीकार करना चाहिए।
PDA रैली में किशोर की मौत पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
गोरखपुर में एक दिन पहले PDA रथ यात्रा के दौरान नाबालिग छात्र की मौत के मामले को अपर्णा यादव ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई में किसी राजनीतिक दल का पक्ष नहीं देखा जाना चाहिए।
महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि राजनीतिक रैलियों या सार्वजनिक आयोजनों के दौरान इस तरह की घटनाएं बेहद गंभीर हैं। महिला आयोग की ओर से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि घटना में शामिल दोषियों को सजा मिले।
महिला आयोग में प्रवेश और आंकड़ों को लेकर भी दिया जवाब
कानपुर में शिकायत निवारण केंद्र के दौरे के दौरान केंद्र में प्रवेश पर पाबंदियों और आयोग के आंकड़ों को सार्वजनिक नहीं किए जाने से जुड़े सवाल भी उठे। इस पर अपर्णा यादव ने कहा कि केंद्र में प्रवेश की व्यवस्था कानून और संवैधानिक प्रावधानों के तहत संचालित होती है। फिलहाल केंद्र में निर्माण कार्य भी चल रहा है।
उन्होंने बताया कि दो छोटी बच्चियों, जिनमें एक की उम्र करीब डेढ़ साल और दूसरी की उम्र 11 महीने है, को उनके माता-पिता छोड़ गए थे। अब दोनों बच्चियों को अच्छे परिवारों में गोद दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।
आयोग के कामकाज और लंबित मामलों के आंकड़ों पर उन्होंने कहा कि निर्देश मिलने के बाद सभी आंकड़े सार्वजनिक किए जाएंगे। अपर्णा यादव ने बताया कि 4 सितंबर 2024 को शपथ लेने के बाद महिला आयोग की 28 सदस्यीय टीम ने करीब 20 दिनों में 20 हजार लंबित मामलों का निस्तारण किया था। इस टीम में आयोग की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य शामिल थे।
और पढ़ें: ‘बुलडोजर से स्वागत न करें कार्यकर्ता…’ गोरखपुर हादसे पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान