Asian Games 2026: गुजरात के शीर्ष टेबल टेनिस खिलाड़ी मानव ठक्कर को जापान के आइची-नागोया में होने वाले 2026 एशियाई खेलों (Asian Games) के लिए भारतीय दल में तीसरी बार चुना गया है। मानव ठक्कर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, एशियन गेम्स 20 सितंबतर 2026 से 28 सितंबर 2026 तक जापान में होने जा रहे हैं। यह मेरा तीसरा एशियन गेम है। मैं भारतीय टीम की ओर से मेन सिंगल और मेन डबल का प्रतिनिधित्व करूंगा। हम उम्मीद करते हैं कि हम वहां जाकर बेहतर खेलें और देश के लिए मेडल लेकर आए।

गुजरात के 9 खिलाड़ी होंगे एशियाई खेलों में शामिल

मानव ठक्कर भारतीय खेलों में गुजरात के नाम का परचम लहराने वाले हैं। गुजरात से इस बार एशियाई खेलों के लिए 9 खिलाड़ियों और 1 रिजर्व खिलाड़ी का चयन 20वें एशियाई खेलों में शामिल होने के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह एशियाई खेल 19 सितंबर 2026 से जापान के आइची-नागोया में होने जा रहे हैं। मानव ठक्कर का चयन गुजरात के लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। साल 2014 के एशियाई खेलों में गुजरात के महज 3 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। अब 12 साल बाद खिलाड़ियों की संख्या 9 हो गई है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि गुजरात भी अब खेल के मैदान में अपना दम खंभ दिखाते हुए आगे बढ़ रहा है।

खेलों के केंद्र के रूप में उभर रहा

गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने खिलाड़ियों के चयन के बाद खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि, उपलब्धि खेलों के विकास के लिए उठाए गए कदम व निरंतर प्रयासों का नतीजा है। गुजरात के पूर्व सीएम और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल महाकुंभ और शक्तिदूत योजना जैसी योजनाओं के जरिए राज्य में खेलों की मजबूत नींव रखी थी। आज इन प्रयासों का परिणाम दिखाई दे रहा है और गुजरात लगातार खेलों के केंद्र के रूप में उभर रहा है। बीते दशक पर नजर डाली जाए तो गुजरात में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए जमीनी स्तर पर काम करना बेहद जरूरी है। शक्तिदूत योजना और खेल महाकुंभ जैसी योजनाओं से गुजरात में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने व आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। सीएम भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में वर्तमान सरकार बेहतर खेल सुविधाओं,खिलाड़ियों के लिए मदद योजनाओं और उच्च स्तर की ट्रेनिंग व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का विकास होगा तेज

डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने जानकारी देते हुए कहा कि, गुजरात का लक्ष्य खिलाड़ियों को अच्छी ट्रेनिंग देना नहीं, बल्कि मजबूत खेल का माहौल तैयार करना है। जिससे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करे और देश का नाम रोशन करें। साल 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी से पूर्व गुजरात में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का विकास तेजी से होगा। बीते 10 सालों में ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई खेलों में गुजरात के खिलाड़ियों की भागीदारी का बढ़ना राज्य के लिए बेहद अहम है। इस बार जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए चुने गए खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाएं शामिल हैं।

गुजरात के खिलाड़ी एशियाई खेलों के लिए चुने गए

इलावेनिल वलारिवन – शूटिंग

हरमीत देसाई – टेबल टेनिस

मानव ठक्कर – टेबल टेनिस

मनुष शाह – टेबल टेनिस

अनिकेत पटेल – सॉफ्ट टेनिस

आर्यन नेहरा – तैराकी

अंकिता रैना – टेनिस

वैदेही चौधरी – टेनिस

देव्यानी जाला – एथलेटिक्स (स्प्रिंट)

खिलाड़ी जिल देसाई का टेनिस में रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर चयन हुआ है।

यह भी पढ़ें : 27 अगस्त राशिफल: ग्रहों की चाल बदलेगी किस्मत, इन राशियों का होगा भाग्य उदय!