West Indies Updated Squad: भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में 1-2 की शिकस्त के बाद वेस्टइंडीज 6 अक्टूबर से टी20 श्रृंखला अभियान की शुरुआत करेगी। सीरीज का पहला मैच शाम को लखनऊ के भारतरत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

पहले टी20 इंटरनेशनल के लिए वेस्टइंडीज और भारत ने अभ्यास शुरू कर दिया है, लेकिन वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने स्क्वाड में अंतिम मौके पर एक बड़ा बदलाव किया है। एकदिवसीय सीरीज में शानदार बल्लेबाजी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज आमिर जंगू को आखिरी मौके पर स्क्वाड में शामिल किया है तो एक अन्य खिलाड़ी को बाहर कर दिया गया है।

ये खिलाड़ी हुआ बाहर

वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने पांच टी20 मैचों की श्रृंखला के लिए आमिर जंगू को स्क्वाड में शामिल किया है तो ज्वेल एंड्रयू को बाहर कर दिया गया है। शनिवार को तीसरे वनडे के दौरान उनको उंगली में चोट लगी थी, जिसके बाद ज्वेल को आनन-फानन में हॉस्पिटल लेकर जाया गया था।

चोट इतनी गंभीर थी कि पूरे मैच के दौरान वह मैदान पर मौजूद नहीं थे। उनको कवर पर नमन धीर का कैच लेने की कोशिश में उंगली में चोट लगी थी और इसके बाद स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया। स्कैन में कोई फ्रैक्चर नहीं पाया गया, लेकिन वेस्टइंडीज की सफल रन-चेज के दौरान एंड्रयू ने बल्लेबाजी नहीं की।

वनडे सीरीज में किया था धमाल

बाएं हाथ के आमिर जंगू ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में काफी धमाकेदार प्रदर्शन किया था। सीरीज के ओपनिंग मैच में उन्होंने नाबाद 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेली थी, लेकिन इस मैच में उनकी टीम को हार मिली। इसके बाद दूसरे वनडे में आमिर ने तूफानी पारी खेलते हुए 114 रन बनाए और टीम को 400 पार पहुंचाने में बहुमूल्य योगदान दिया।

इसके बाद तीसरे मैच में उन्होंने महत्वपूर्ण 67 रन बनाए। आमिर ने इस सीरीज में कुल 239 रन बनाए थे और सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे। उनसे आगे सिर्फ भारतीय कप्तान शुभमन गिल और वेस्टइंडीज कप्तान शाई होप थे।

खेल चुके हैं 7 टी20

आमिर जंगू को वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने टी20 सीरीज के शुरुआती स्क्वाड में शामिल नहीं किया था लेकिन उनके हालिया प्रदर्शन और ज्वेल एंड्रयू की चोट ने चयनकर्ताओं को मजबूर कर दिया की जंगू स्क्वाड में शामिल किया जाए। उनके शामिल होने से वेस्टइंडीज को पांच मैचों की टी20आई सीरीज से पहले विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी का एक और विकल्प मिल गया है।

जंगू ने सात टी20 इंटरनेशनल मैचों में 120.74 के स्ट्राइक रेट से 163 रन बनाए हैं। अब उनकी कोशिश होगी कि जब वेस्टइंडीज मंगलवार को लखनऊ में भारत के खिलाफ पहला मैच खेले, तो वे अपनी वनडे वाली फॉर्म को इस छोटे फॉर्मेट में भी जारी रखें।

वेस्टइंडीज का अपडेटेड स्क्वाड टी20आई सीरीज के लिए

शाई होप (कप्तान), रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्ड, शिमरोन हेटमायर, अकील होसेन, अमीर जांगू, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड, शमार स्प्रिंगर।

ये भी पढ़ें- क्रिकेट इतिहास का सबसे अनोखा नजारा! बिना बल्ला अड़ाए गेंद गई बाउंड्री के पार, जानें क्यों नहीं मिला छक्का