Dev Deepawali 2026: 24 नवंबर को देशभर में देव दीपावली मनाई जाएगी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली मनाई जाती है। इस दिन काशी यानी की वाराणसी में इस पर्व की भव्यता देखते ही बनती है। गंगा के घाट पर लाखों दीये जलाए जाते हैं। गंगा के घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठते हैं। मान्यता है कि इस दिन देवता स्वर्ग से धरती पर उतरकर मां गंगा स्नान करते हैं, और भगवान शिव की नगरी काशी में दीपोत्सव मनाते हैं।

इसी वजह से इसे देवताओं की दीपावली के तौर पर भी इसे मनाते हैं। इस पर्व को हिंदू धर्म में एक बड़े त्योहार के रूप में ही मनाया जाता है। इस पर्व पर दीपदान का विशेष महत्व है। कई घरों में 14 दीये जलाने की परंपरा भी निभाई जाती है। लेकिन आखिर 14 दीये ही क्यों जलाए जाते हैं? इसके पीछे धार्मिक मान्यताएं क्या हैं और देव दीपावली का भगवान शिव से क्या संबंध है? तो चलिए बताते हैं आपको।

क्यों मनाई जाती है देव दीपावली?

पौराणिक मान्यताओं और कथाओं की माने तो भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था। त्रिपुरासुर ने 3 शक्तिशाली नगरों के माध्यम से देवताओं और संसार में अपना डर फैला दिया था। इससे परेशान होकर एक दिन देवताओं ने भगवान शिव के आगे प्रार्थना की। प्रार्थना से खुश होकर भगवान शिव ने एक ही बाण से त्रिपुरासुर के तीनों नगरों का विनाश कर दिया। इस विजय के बाद देवताओं ने काशी पहुंचकर दीप जलाए और भगवान शिव की आराधना की। इन्ही मान्यता की वजह से भगवान शिव को त्रिपुरारी और इस पर्व को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है।

आखिर क्यों जलाए जाते हैं 14 दिये?

देव दीपावली पर 14 दीये जलाने की परंपरा कुछ परिवारों और क्षेत्रीय धार्मिक मान्यताओं में प्रचलित है। इसका संबंध पितरों के स्मरण, पूर्वजों के प्रति सम्मान और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना से जोड़ा जाता है। मान्यता के मुताबिक दीपदान के जरिए पितरों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की जाती है और उनके आशीर्वाद की कामना की जाती है। कुछ परंपराओं में 14 दीपक जलाने को चौदह लोकों के प्रतीक के तौर पर माना जाता है। हालांकि धार्मिक रूप से देव दीपावली पर 14 दीये जलाना अनिवार्य नहीं है। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और समार्थ्य के मुताबिक 5,11,21,51 या 108 दीपक भी जला सकते हैं।

देव दीपावली 2026: कब है शुभ मुहूर्त?

इस साल देव दीपावली 24 नवंबर यानी मंगलवार को मनाई जाएगी। पंचांग के अनुसार पूर्णिमा तिथि प्रारंभ: 23 नवंबर रात 11:42 बजे से पूर्णिमा तिथि समाप्त 24 नवंबर रात 8:23 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल में दीपदान का शुभ मुहूर्त शाम 5:08 से 7:47 बजे तक रहेगा।

देव दीपावली पर कैसे करें दीपदान?

देव दीपावली के दिन श्रद्धालु सुबह स्नान करके भगवान शिव और मां गंगा की पूजा करते हैं। शाम को मिट्टी के दीपक जलाकर दीपदान किया जाता है। घर के मुख्य द्वार पर दीपक जलाएं। तुलसी के पौधे के पास दीपक रखें। मंदिर में भगवान शिव के सामने दीप प्रज्वलित करें। पितरों के स्मरण में दीपदान करें। संभव हो तो गंगा घाट पर दीपदान और गंगा आरती में शामिल हों।

काशी में क्यों खास होती है देव दीपावली?

देश में देव दीपावली का भव्य आयोजन वाराणसी में होता है। यहां अस्सी घाट से लेकर राजघाट तक गंगा के किनारे लाखों दीपक जलाए जाते हैं। शाम को होने वाली भव्य गंगा आरती इस उत्सव का मुख्य आकर्षण होती है। इस दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचते हैं। गंगा में तैरते दीपक और रोशनी से जगमगाते घाट अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करते हैं।

देव दीपावली और दिवाली में क्या है अंतर?

दीवाली देव दीपावली

कार्तिक अमावस्या को कार्तिक पूर्णिमा को

भगवान राम की अयोध्या वापसी से जुड़ी मान्यता भगवान शिव की त्रिपुरासुर पर विजय से जुड़ी मान्यता

मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा भगवान शिव और मां गंगा की आराधना

घरों में दीप जलाए जाते हैं घाटों और मंदिरों में दीपदान होता है

 

यह भी पढ़ें: Dev Deepawali 2026: देव दीपावली कब है? जानें सही तारीख, शुभ मुहूर्त और दीपदान की सही विधि